नई दिल्ली/मुंबई। रविवार को एक ही साथ दिल्ली और मुंबई दोनों जगह मॉनसून का आगमन हुआ। राजधानी दिल्ली में मॉनसून तय समय से दो दिन पहले पहुंचा। मौसम विभाग ने रविवार को बताया कि 62 साल बाद दिल्ली और मुंबई दोनों जगह एक साथ मॉनसून पहुंचा है। इससे पहले 21 जून 1961 को दोनों जगह एक ही दिन मॉनसून की एंट्री हुई थी।बताया गया है कि अगले दो दिनों में मॉनसून दिल्ली और मुंबई को पूरी तरह कवर कर लेगा।
मुंबई में शुक्रवार से ही बारिश हो रही है, जिसकी वजह से कई जगह फ्लाईओवर के नीचे पानी जमा हो गया। रविवार को शहर के कुछ हिस्सों के लिए यलो और कुछ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।बहरहाल, मौसम विभाग के मुताबिक, देश के 23 राज्यों में अगले चार दिन भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इनमें उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक के राज्य शामिल हैं। लगभग समूचे पूर्वोत्तर में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्य पहले ही बाढ़ की चपेट में हैं।
मौसम विभाग ने बताया है कि मॉनसून भले ही देश में सात दिन की देरी से दाखिल हुआ, लेकिन शनिवार को एक दिन में यह छह राज्यों- मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में पहुंच गया। कई राज्यों में मॉनसून तय समय पर पहुंचा है। अगले 24 से 48 घंटे में मॉनसून महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व हरियाणा में और आगे बढ़ेगा। दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, गुजरात के कई हिस्सों में भी मॉनसून पूरी तरह से फैल जाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


