पटना। बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नीतीश कुमार मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे और नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा शाम चार बजे तक हो जाएगी। उससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक होगी और फिर एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। नेता चुनने के लिए जनता दल यू के विधायकों की बैठक अभी नहीं होगी। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह लोकभवन में मुख्यमंत्री की शपथ होगी। मुख्यमंत्री के साथ एक या दो उप मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। जानकार सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों की शपथ अभी नहीं होगी। पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाद मंत्रिमंडल के बाकी सदस्यों की शपथ कराई जाएगी।
बहरहाल, सोमवार को दिन भर नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर हलचल रही। राज्यपाल सैयद अता हसनैन के सचिव गोपाल मीणा ने पटना के कलेक्टर, एसएसपी और एसपी सहित बाकी वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई। लोकभवन में चली इस बैठक में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। इससे पहले राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पहुंचे थे। दोनों के बीच करीब आधे घंटे की मिनट मुलाकात हुई। इससे भी यह संकेत मिल रहा है कि नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी को चुना जा सकता है।
बताया गया है कि मंगलवार की सुबह 11 बजे नीतीश कुमार कैबिनेट की आखिरी बैठक करेंगे। इसके बाद वे राज्यपाल से मिल कर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। दिन में दो बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नेता का चुनाव होगा। जदयू विधायक दल की बैठक को लेकर कोई खबर नहीं है। माना जा रहा है कि जनता दल यू की अलग से बैठक नहीं होगी। चार बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए के सभी घटक दल के विधायकों की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी।
बैठक के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेंगे। इसके बाद एनडीए विधायक दल के नेता के नेतृत्व में राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। अगले दिन बुधवार, 15 अपैल को सुबह 10 से 11 बजे के बीच शपथ समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे 14 अप्रैल की शाम पटना पहुंचेंगे।
इससे पहले मंगलवार को दिन में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी सम्राट चौधरी के आवास पर उनसे मुलाकात की। खबर थी कि जदयू के संभावित मंत्रियों की सूची के साथ दोनों नेता पहुंचे थे। मंत्रियों के नाम भी तय हो गए थे लेकिन देर शाम फैसला हुआ कि अभी सिर्फ मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। अगर निशांत कुमार तैयार हो जाते हैं तो वे अकेले उप मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे और अगर वे नहीं तैय़ार होते हैं तो जनता दल यू की ओर से दो उप मुख्यमंत्री बनेंगे।


