राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

गांधी स्मृति तक विपक्ष का मार्च

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने के दो दिन बाद राहुल गांधी विपक्षी नेताओं के साथ तीस जनवरी मार्ग पर स्थित गांधी स्मृति भवन पहुंचे। वहां राहुल और अन्य विपक्षी नेताओं ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और मोबाइल की लाइट जला कर प्रदर्शन किया। राहुल गांधी ने कहा, ‘हमारे नेता महात्मा गांधी की हत्या यहीं हुई थी। आज मोदी सरकार भारत में लोकतंत्र की हत्या कर रही है, छात्रों पर ज़ुल्म कर रही है और उन्हें पीट रही है। विपक्ष इसे मंजूर नहीं करेगा। हम छात्रों के साथ हैं। नरेंद्र मोदी को शिक्षा मंत्री को हटाना होगा और माफी मांगनी होगी’।

इससे पहले राहुल के आवास पर एक बैठक हुई थी, जिसके बाद बस में बैठ कर विपक्षी नेता गांधी स्मृति जाने के लिए निकले। राहुल ने दावा किया कि पुलिस ने उनको बैरिकेड लगा कर कई जगह रोका। हालांकि बाद में रास्ता खोल दिया गया और बस को जाने दिया गया। राहुल और विपक्ष के अन्य सांसदों ने करीब एक किलोमीटर तक मार्च किया। सांसद मोबाइल की लाइट जला कर गांधी स्मृति तक पैदल चल कर गए। वहां उन्होंने राष्ट्रगान गाया और फिर सभी सांसद वापस लौट गए।

इससे पहले राहुल गांधी ने इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अभी, ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण तरीके से तीस जनवरी मार्ग पर गांधी स्मृति जा रहे हैं। हम उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं जिन्हें हमने खो दिया, वे बच्चे जिन्हें नीट पेपर लीक के बाद अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा। गौरतलब है कि नीट यूजी पेपर लीक के बाद करीब 25 बच्चों की मृत्यु की खबरें आई थीं। इनमें से कई बच्चों की तस्वीरें रख कर जंतर मंतर पर प्रदर्शन चल रहा है”।

बहरहाल, राहुल ने आगे लिखा, ‘हम उन छात्रों के साथ खड़े होने जा रहे हैं, जो आज घायल हैं, जिन्हें न्याय और जवाबदेही की शांतिपूर्ण मांग करने पर पीटा गया। भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके और उनकी मांगों के साथ खड़ा है। राहुल ने कहा, जो हमारे स्टूडेंट हैं, वो सड़क पर हैं। हमने सोचा हम भी सड़क पर उतरें। पहले सोचा इंडिया गेट जाएं मगर उन्होंने जाने नहीं दिया। हमें गांधी स्मृति जाने से रोका जा रहा है’।

राहुल गांधी के साथ बस में सवार सांसदों में उद्धव ठाकरे की शिव सेना के अरविंद सावंत, शरद पवार की एनसीपी सासंद सुप्रिया सुले, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और सौगत राय, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ मांझी, आरजेडी की के मनोज झा, सीपीएम के जॉन ब्रिटास, सीपीआई केपी संतोष कुमार, समाजवादी पार्टी के रामजी लाल सुमन और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी मोहम्मद बशीर शामिल थे।

इस बीच दिल्ली पुलिस ने उनके सुनहरी बाग रोड पर स्थित राहुल गांधी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स के जवान भी तैनात किए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 21 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के जन्मदिन पर कांग्रेस ने उनके जन्मदिन के बहाने एक मीटिंग की और उसके बाद सभी नेता प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शन करने पहुंच गए थे।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment