पेरिस। इस साल पेरिस ओलम्पिक में भारतीय दल ने अनुमान के मुताबिक बेहतर प्रदर्शन नहीं किया था लेकिन पेरिस पैरालम्पिक खेलों में शुक्रवार को भारत ने चार पदक जीत कर शानदार आगाज किया। महिला शूटिंग में अवनी लेखरा ने स्वर्ण और मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक जीता। पुरुषों के 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में मनीष नरवाल ने रजत पदक दिलाया। भारत को चौथा पदक महिलाओं की 100 मीटर टी 35 श्रेणी रेस में प्रीति पाल ने दिलाया। उनको कांस्य पदक मिला।
पुरुषों के मुकाबले में मनीष नरवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल की एसएच1 श्रेणी में रजत पदक जीता। उन्होंने 234.9 के फाइनल स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। कोरिया के जियोन्ग्डू जो ने 237.4 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता। वर्ल्ड और पैरालम्पिक रिकॉर्ड होल्डर चीन के चाओ यांग 214.3 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
अवनी लेखरा ने शुक्रवार को पैरालम्पिक खेलों में भारत को पहला पदक दिलाया। उन्होंने महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग की एसएच1 श्रेणी में पैरालम्पिक रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 249.7 स्कोर किया। कोरिया की युनरी ली को सिल्वर मिला, उनका स्कोर 246.8 रहा। भारत की ही मोना अग्रवाल ने 228.7 के स्कोर के साथ कांस्य पदक मिला।
महिलाओं की 100 मीटर टी 35 श्रेणी की रेस में प्रीति पाल ने 14.21 सेकेंड में रेस पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्हें कांस्य पदक मिला। इस मुकाबले में स्वर्ण और रजत पदक चीन के खाते में गए।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



