नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के कथित अपमान के मसले पर विवाद जारी रहा। भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला किया और कहा कि राहुल गांधी ने धक्का मार कर बुजुर्ग सांसद को गिरा दिया और उनको घायल कर दिया। भाजपा ने उनको निलंबित करने की मांग की है। दूसरी ओर विपक्ष ने कहा कि घायल होकर अस्पताल में भर्ती सांसद नाटक कर रहे हैं। कांग्रेस ने यह भी कहा कि सरकार डरी हुई है और वह ध्यान भटकाने के लिए तरह तरह के उपाय कर रही है।
सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने राहुल गांधी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि सांसद को धक्का देना मर्दानगी की निशानी नहीं है। रिजीजू ने कहा कि गुरुवार को हुई घटना को राहुल गांधी टाल सकते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को धक्का दिया और राजपूत दूसरे भाजपा सांसद प्रताप सारंगी पर गिर गए। इस वजह से दोनों घायल हो गए। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने कहा कि प्रताप सारंगी, मुकेश राजपूत और नगालैंड की महिला सांसद सब नाटक कर रहे हैं और उनको अभिनय के लिए पुरस्कार मिलना चाहिए।
Also Read: उपसभापति को हटाने की मांग का विपक्षी नोटिस खारिज
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- यह सरकार डरी हुई है। यह सरकार अडानी मामले पर चर्चा करने से डरती है। उन्हें पता है कि अंबेडकर जी के लिए उनकी सच्ची भावनाएं सामने आ चुकी हैं। इसलिए, अब वे विपक्ष से डरे हुए हैं क्योंकि हम इस मुद्दे को उठा रहे हैं। इस मामले से राष्ट्रहित जुड़ा हुआ है। प्रियंका ने कहा- हमारा संविधान अंबेडकर जी, इस देश के लोगों और हमारे स्वतंत्रता संग्राम ने दिया है।
उनका ऐसा अपमान भारत बरदाश्त नहीं करेगा। राहुल के खिलाफ एफआईआर होने पर प्रियंका ने कहा- बीजेपी नेता इतने हताश हैं कि वे झूठी एफआईआर दर्ज करा रहे हैं। राहुल जी कभी किसी को धक्का नहीं दे सकते। मैं उनकी बहन हूं, मैं उन्हें जानती हूं। वे ऐसा कभी नहीं कर सकते। ये सब ध्यान भटकाने वाली बातें हैं।
इससे पहले लोकसभा में सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि संसद गेट पर प्रदर्शन करना सही नहीं है। बहरहाल, घायल भाजपा सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति पर राममनोहर लोहिया अस्पताल के डॉ. अजय शुक्ला ने कहा- दोनों की हालत बेहतर है। उनका बीपी कंट्रोल में है। वे फिलहाल आईसीयू में हैं। टीम उनकी निगरानी कर रही है। सीटी स्कैन और एमआरआई की दोनों रिपोर्ट नॉर्मल हैं। बताया जा रहा है कि इन दोनों सांसदों के मामले में दर्ज एफआईआर की जांच दिल्ली पुलिस अपराध शाखा को सौंपने वाली है।
Image Source: ANI


