नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा केरल के वायनाड से चुनाव जीत कर गुरुवार को पहली बार लोकसभा पहुंचीं। उन्हें सांसद पद की शपथ दिलाई गई। प्रियंका ने हिंदी में शपथ ली। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और विपक्ष के दूसरे नेताओं की तरह हाथ में संविधान की कॉपी पकड़ी हुई थी। प्रियंका के अलावा महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट से चुनाव जीते कांग्रेस के रविंद्र वसंतराव चव्हाण ने भी शपथ ली।
इससे पहले प्रियंका जब संसद पहुंचीं, तो कांग्रेस नेताओं ने बाहर ही उनका स्वागत किया। सदन में एंट्री से पहले राहुल गांधी ने खुद अपने मोबाइल से उनकी फोटो खींची। प्रियंका की शपथ के मौके पर उनकी मां सोनिया गांधी और प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद थे। प्रियंका के सांसद बनने पर सोनिया गांधी ने कहा- हमें गर्व है और हम सब बेहद खुश हैं। शपथ के बाद प्रियंका ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का आशीर्वाद लिया।
संसद में पहली बार सोनिया गांधी के परिवार के तीन सदस्य एक साथ मौजूद हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से सांसद हैं और प्रियंका केरल के वायनाड से सांसद हैं। जबकि सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। प्रियंका केरल की वायनाड सीट से लोकसभा चुनाव जीतकर आई हैं। राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड दोनों जगह से लोकसभा चुनाव जीता था। इसके बाद उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी थी। कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को वहां से उम्मीदवार बनाया। उन्होंने चार लाख 10 हजार वोट से सीपीआई के सत्यन मोकेरी को हराया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


