नई दिल्ली। कनाडा के ब्रैम्पटन में हिंदू सभा के मंदिर पर हुए हमले के विरोध में रविवार को दिल्ली में कनाडा के दूतावास के सामने प्रदर्शन हुआ। गौरतलब है कि चार नवंबर को ब्रैम्पटन में मंदिर पर हमला हुआ था, जिसके विरोध में रविवार, 10 नवंबर को दिल्ली में हिंदू सिख ग्लोबल फोरम के कार्यकर्ताओं ने कनाडा के दूतावास तक विरोध मार्च निकाला। हिंदू संगठनों और फोरम के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मंदिर पर हुए हमले का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने हिंदू सिख एकता के नारे वाली तख्तियां ले रखी थीं।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दूतावास के बाहर बैरिकेडिंग की थी और जवानों को तैनात किया था। पुलिस ने दूतावास से पहले तीन मूर्ति मार्ग पर भी बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका, लेकिन लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। इस बीच खबर है कि ब्रैम्पटन में हिंदू मंदिर पर हुए हमले मामले में कनाडा की पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। इसमें सिख फॉर जस्टिस के एक बड़े कार्यकर्ता इंद्रजीत गोसल को भी पकड़ा था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। गौरतलब है कि सिख फॉर जस्टिस संगठन पर भारत में प्रतिबंध है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


