नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ई20 पेट्रोल से जुड़ी लोगों की चिंताओं पर चर्चा के लिए मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और ई20 पेट्रोल दोनों विकल्प उपलब्ध कराने तथा ई20 पेट्रोल की कीमत कम करने की मांग की है।
पत्र में केजरीवाल ने कहा कि लोगों से मिले फीडबैक और तकनीकी पहलुओं पर प्रधानमंत्री से विस्तार से चर्चा करना चाहते हैं। उनका कहना है कि उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के अनुसार शुद्ध पेट्रोल या ई20 पेट्रोल चुनने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि इथेनॉल मिश्रित ई20 पेट्रोल से सामान्य पेट्रोल की तुलना में माइलेज कम मिलता है। इसलिए इसकी कीमत भी कम रखी जानी चाहिए।
केजरीवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने ई20 पेट्रोल को लेकर लोगों के अनुभव और शिकायतें जुटाने के लिए एक ऑनलाइन याचिका शुरू की है। इसमें माइलेज में कमी और अन्य तकनीकी समस्याओं से जुड़े सुझाव व शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि एकत्रित सभी प्रतिक्रियाएं प्रधानमंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक में उन्हें सौंपी जाएंगी। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री जल्द मुलाकात का समय देंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


