राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सीबीएसई छात्रों से मिले राहुल

नई दिल्ली। 12वीं की परीक्षा में ऑन स्क्रीन मार्किंग से प्रभावित और बाद में सरकार समर्थक ट्रोल्स के हमले का निशाना बने छात्रों से राहुल गांधी ने मुलाकात की है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल प्रभावित छात्रों से मिले और उनसे मुलाकात का एक वीडियो भी साझा किया। बाद में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट भी लिखी, जिसमें उन्होंने कहा कि जिन बच्चों ने सरकार से सवाल पूछे उनको पाकिस्तानी, डीप स्टेट, आतंकवादी आदि कहा गया। इसमें उन्होंने टेंडर की गड़बडियों का भी जिक्र किया।

राहुल गांधी ने रविवार को छात्रों से मिलने का एक डेढ़ मिनट का वीडियो सोशल मीडिया में साझा किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘जिन साहसी युवाओं ने सीबीएसई और मोदी सरकार से आसान सवाल पूछे, उन्हें जवाब की जगह अपमान मिला’। वीडियो में छात्रों ने राहुल से कहा, ‘आंसर शीट को लेकर सवाल पूछने पर हमें एंटी नेशनल, डीप स्टेट एजेंट्स, आतंकवादी और पाकिस्तानी कहा गया’। एक छात्र ने कहा कि ‘सोरोस’ का भी नाम लिया गया। छात्रों की इन बातों पर राहुल ने हंसते हुए कैमरामैन से कहा, ‘दिखाओ 17 साल के डीप स्टेट एजेंट्स’!

राहुल से जिन छात्रों से बात की है, उनमें वेदांत भी शामिल थे। वेदांत की एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि कम अंक आने पर उन्होंने पुनर्मूल्यांकन के लिए आंसर शीट मांगी थी तो पोर्टल पर उनकी फिजिक्स की कॉपी की जगह किसी और की कॉपी अपलोड की गई थी। वेदांत के बाद कई अन्य छात्रों ने भी ऐसी शिकायतें कीं। गौरतलब है कि वेदांत की पोस्ट पर ही दूरदर्शन के एक पत्रकार ने उनके पाकिस्तानी होने की बात लिखी थी। हालांकि बाद में उस पत्रकार ने माफी मांगते हुए पोस्ट हटा ली थी।

बहरहाल, राहुल से बातचीत में वेदांत ने कहा, ‘मेरा एग्जाम बहुत अच्छा गया था लेकिन मेरे नंबर अच्छे नहीं आए। उसके बाद हमारे पास ऑप्शन था कि अगर नंबर कम आते हैं तो अपनी आंसर शीट की फोटोकॉपी के लिए अप्लाई करते हैं। जब मैंने फिजिक्स के आंसर शीट की फोटोकॉपी देखी तो पहले पेज पर मेरी हैंडराइटिंग थी। दूसरे पन्नों पर किसी और की हैंडराइटिंग थी। इसके बाद मैंने देखा कि ये मेरे शीट नहीं है, तो मैं अपनी दिक्कत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लेकर आया। वहां मुझे लोगों को सपोर्ट मिला क्योंकि ये तो एकदम हटके मामला है’।

इसके बाद एक अन्य छात्र ने कहा, ‘लेकिन जब इस पर लोगों का आक्रोश बढ़ने लगा तो हमें शांत कराने के लिए, उन्हें लगा कि हम कोई डीप स्टेट एजेंट्स हैं जो भारत में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं’। इस पर राहुल ने कहा, ‘आप लोग स्टूडेंट्स हैं। आपका इन सब चीजों से कोई लेना-देना नहीं है। आप अपने आंसर शीट के बारे में पूछ रहे हैं। बस इतना ही। अब अचानक आप एंटी-नेशनल बन गए। आपको उस समस्या को मानना होगा जिसे आप हल करना चाहते हैं’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

11 − eight =