नई दिल्ली। दो राज्यों असम और केरल व केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। असम में कुछ जगहों पर छिटपुट हिंसा हुई, जिसमें करीब 30 लोग घायल हुए। एक जगह ईवीएम तोड़े जाने की घटना हुई। इसके अलावा असम, केरल और पुडुचेरी की 296 विधानसभा सीटों के लिए मतदान मोटे तौर पर शांतिपूर्ण रहा। तीनों जगह रिकॉर्ड मतदान हुई। पुडुचेरी में 90 फीसदी मतदान का नया रिकॉर्ड बना।
देर शाम तक चुनावी राज्यों के कई इलाकों में लोग मतदान केंद्रों के बाहर कतार में खड़े थे। चुनाव आयोग के मुताबिक रात आठ बजे तक असम में 85.38 फीसदी मतदान हुआ। असम के इतिहास में यह सबसे ज्यादा वोटिंग का आंकड़ा है। केरल में पिछले 49 सालों में दूसरी सबसे ज्यादा वोटिंग हुई, वहां 78.01 फीसदी वोट डाले गए। पुडुचेरी में 89.81 फीसदी मतदान का नया रिकॉर्ड बना है।
असम में चुनाव से जुड़ी हिंसा में करीब 30 लोग घायल हो गए। अलग अलग जगहों से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। असल में श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों की झड़प हो गई, जिसमें करीब 25 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस उम्मीदवार ने ईवीएम तोड़ दी, जिसकी वजह से झगड़ा शुरू हुआ। उधर पुडुचेरी में मन्नादिपेट में पोलिंग बूथ पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया। पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ तक बाइक से पहुंचे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में मां कामाख्या मंदिर में पूजा की। इसके बाद पत्नी के साथ जालुकबाड़ी में वोट डाला। असम में 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है। केरल की 140 सीटों के लिए 890 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। राज्य के 2.71 करोड़ मतदाताओं ने उनकी किस्मत का फैसला कर दिया। पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए वोटिंग हुई।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




