राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

आप के दो विधायकों का इस्तीफा

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी ने अगले साल फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सारे उम्मीदवार मौजूदा विधायक हैं। अभी तक आप ने किसी विधायक की टिकट नहीं काटी है। लेकिन सूची जारी होने के अगले ही दिन उसके दो विधायकों ने पार्टी छोड़ दी। दोनों ने पार्टी और राज्य सरकार के ऊपर गंभीर आरोप लगाए। बताया जा रहा है कि दोनों विधायक सोमवार को भाजपा में शामिल होंगे।

पार्टियों छोड़ने वालों में पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। हालांकि इनकी सीट पर आप ने अभी नया उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। गौरतलब है कि जौड़ामाजरा पहले आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे हैं लेकिन कुछ समय पहले पार्टी ने पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को उनकी जगह पर समाना विधानसभा सीट का हलका इंचार्ज बना दिया था।

हरमीत सिंह पठानमाजरा पर बलात्कार का केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया फरार हो गए थे। जांच में शामिल होने के लिए लौटने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। बहरहाल, दोनों विधायकों ने रविवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में नशा, फसलों पर एमएसपी, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जो गारंटियां दी थीं, वह पूरी नहीं हुईं। दोनों विधायक सोमवार को दिल्ली में भाजपा में शामिल होंगे।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment