कीव। रूस अपने सैन्य ठिकानों पर हुए हमले का बदला ले रहा है। उसने रविवार को यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। उसने यूक्रेन का एक लड़ाकू विमान एफ-16 भी मार गिराया। रूस ने 477 ड्रोन और 60 मिसाइलें दागीं। रूस ने एम/केएन-23 बैलिस्टिक मिसाइल और क्रूज मिसाइलों से हमला किया। हालांकि यूक्रेनी वायु सेना ने इनमें से ज्यादातर हमलों को रोक दिया। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले की जानकारी दी।
खबरों के मुताबिक इस हमले के दौरान एक मिसाइल ने यूक्रेन के एर-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया। यूक्रेन ने बताया कि हमले में लड़ाकू विमान के पायलट मक्सिम उस्तीमेन्को की मौत हो गई। रूसी हमलों में रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचा और 12 लोग घायल हो गए। यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि पायलट ने रूसी हमले के दौरान सात मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन आखिरी टारगेट हिट करते वक्त उनके विमान में दिक्कत आ गई। पायलट एफ-16 को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले गया, लेकिन वह समय पर विमान से बाहर नहीं निकल सका।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के हवाई हमले के बाद अमेरिका और पश्चिमी सहयोगियों से तत्काल मदद की अपील की है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रूस ने घरों को निशाना बनाया। स्मिला में एक रिहायशी इमारत पर भी हमला हुआ, जिसमें एक बच्चा घायल हुआ”। जेलेंस्की ने अमेरिका से पैट्रियट मिसाइल सिस्टम खरीदने की मांग की है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभी तक यूक्रेन के लिए नई सैन्य मदद को मंजूरी नहीं दी है, लेकिन हाल ही में नाटो शिखर सम्मेलन में जेलेंस्की से मुलाकात के बाद उन्होंने इस अनुरोध पर विचार करने की बात कही थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


