नई दिल्ली। करीब ढाई साल से चल रहे रूस और यूक्रेन की जंग में यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। रूस की एक इमारत पर ड्रोन से हमला किए जाने के 10 दिन बाद एक बार फिर यूक्रेन ने ड्रोन से रूस पर घातक हमला किया है। यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को सहित आठ प्रांतों को करीब डेढ़ सौ ड्रोन से निशाना बनाया है। हमले में कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
खबरों के मुताबिक रूस की राजधानी मॉस्को के आसपास करीब 20 ड्रोन रूस ने मार गिराए। बताया जा रहा है कि यूक्रेन के हमले में दर्जनों घर नष्ट हो गए हैं। इस हमले के चलते मॉस्को और उसके आसपास के हवाईअड्डों से 50 से ज्यादा उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है। रूसी अधिकारियों के मुताबिक मॉस्को के चार में से तीन हवाईअड्डों को छह घंटे से ज्यादा समय तक बंद रखना पड़ा। हमले में एक 46 साल की महिला की मौत भी हो गई है।
बताया जा रहा है कि रूस ने अन्य आठ प्रांतों में 124 ड्रोन मार गिराए हैं। इस हमले के बाद पलटवार करते हुए रूस ने भी यूक्रेन पर 46 ड्रोन से हमला किया है। हालांकि यूक्रेन के मुताबिक उसने इनमें से 38 ड्रोन को मार गिराया। इससे पहले यूक्रेन ने 31 अगस्त को रूस पर 150 से ज्यादा ड्रोन से हमला किया था। ढाई साल से जारी रूस व यूक्रेन जंग में पहली बार यूक्रेन ने रूस के खिलाफ इतनी ज्यादा संख्या में ड्रोन से हमला किया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



