नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन की जंग खत्म करने की पहल कर दी है। हालांकि इस पहल में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की को नहीं शामिल किया गया है। मंगलवार, 18 फरवरी को रूस और अमेरिका के बीच एक उच्चस्तरीय बैठक सऊदी अरब में हो सकती है। बताया जा रहा है इसमें दो रूसी अधिकारी शामिल होंगे। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने इसकी पुष्टि की है।
खबरों के मुताबिक रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव सोमवार की देर शाम मॉस्को से सऊदी की राजधानी रियाद के लिए रवाना होंगे। अमेरिका की तरफ से विदेश मंत्री मार्को रुबियो और यूक्रेन और रूस के लिए वाशिंगटन के विशेष दूत कीथ केलॉग वार्ता में शामिल होंगे। रुबियो सोमवार दोपहर को रियाद पहुंच चुके हैं। एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बैठक में अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वॉल्ट्ज और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ भी शामिल होंगे।
कई मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात की पुष्टि की गई है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को इसमें नहीं बुलाया गया है। हालांकि पहले अमेरिका के विशेष दूत कीथ केलॉग ने यूक्रेन के शामिल होने की बात कही थी। बाद में एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यूक्रेन को वार्ता के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। यूरोपीय देशों के नेताओं को भी इस वार्ता में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया गया है। वार्ता से यूरोप को बाहर रखने की आशंका के चलते फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को शिखर सम्मेलन का आयोजन किया।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एक बयान में कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन जंग को खत्म करना चाहते हैं। ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि अभी समय तय नहीं हुआ है, लेकिन वे जल्दी पुतिन से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि ट्रंप ने 11 फरवरी को फोन पर पुतिन के साथ बात की थी। इस दौरान दोनों के बीच जंग खत्म करने पर चर्चा हुई थी। ट्रंप ने बताया था कि वे सउदी अरब में पुतिन से मुलाकात कर सकते हैं। बातचीत के दौरान पुतिन ने ट्रंप को मॉस्को आने का भी निमंत्रण दिया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.

Image Source: ANI

