कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने अपनी संस्मरणात्मक पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में 1984 के सिख विरोधी दंगों को भारत के इतिहास का दुखद और शर्मनाक अध्याय बताया है लेकिन इस मामले में तत्कालीन प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी का बचाव किया है।
श्रीमती गांधी ने मंगलवार 10 नवंबर को जारी अपनी इस पुस्तक में 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और उसके बाद दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में सिख समुदाय के खिलाफ भड़की हिंसा का उल्लेख किया है। श्रीमती गांधी ने इन दंगों को दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताते हुए अपने पति का बचाव करते हुए कहा है कि राजीव गांधी के मन में किसी के प्रति घृणा या दुर्भावना नहीं थी और वह निर्दोष सिखों पर हमलों की अनुमति नहीं दे सकते थे। गौरतलब है कि राजीव गांधी ने 19 नवंबर 1984 को एक सार्वजनिक सभा में कहा था, ‘जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती थोड़ी हिलती है।’ उस समय वह प्रधानमंत्री बन चुके थे। सोनिया की पुस्तक में इस टिप्पणी का उल्लेख नहीं है।
सिख विरोधी हिंसा से जुड़े मामलों की पैरवी करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फूलका ने सोनिया गांधी के विवरण की आलोचना की है। भाजपा से जुड़े फूलका ने आरोप लगाया है कि श्रीमती गांधी ने अपने परिवार को क्लीन चिट देने की कोशिश की है। उन्होंने सेना की तैनाती में देरी को लेकर भी उनके विवरण पर सवाल उठाए और कहा कि राजीव गांधी की टिप्पणी को हिंसा और उसके बाद की परिस्थितियों से अलग करके नहीं देखा जा सकता।
श्रीमती गांधी ने लिखा है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 31 अक्टूबर की रात राजीव गांधी ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर शांति की अपील की थी और बाद में हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया था। उनके अनुसार, राजीव ने लोगों से बदला नहीं लेने को कहा था। उन्होंने यह भी लिखा है कि राजीव के कार्यालय के कर्मचारी अपने सिख सहयोगियों का पता लगाने और उनकी सुरक्षा करने के लिए निकले थे। उन्होंने स्वीकार किया है कि कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं पर हिंसा भड़काने और हमलों का नेतृत्व करने के आरोप लगे थे। उन्होंने इन हत्याओं को देश की राजनीतिक और प्रशासनिक संस्थाओं की शर्मनाक विफलता बताया और माना कि अनेक पीड़ितों को अब तक न्याय नहीं मिला है।
Also Read : मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गठित की पांच समितियां
सेना की तैनाती में देरी के संबंध में श्रीमती गांधी ने लिखा है कि तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल ए.एस. वैद्य को इंदिरा गांधी की हत्या वाली रात आदेश मिले थे, लेकिन परिवार को बाद में मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने निकटतम सैन्य टुकड़ियों को तुरंत भेजने का फैसला नहीं किया क्योंकि उनमें सिख सैनिक तैनात थे और उनके भेजे जाने से स्थिति बिगड़ने की आशंका थी। इसके बजाय देहरादून सहित दूरस्थ स्थानों से सैनिक बुलाए गए। सेना की टुकड़ियां एक नवंबर की रात दिल्ली पहुंचने लगीं और दो नवंबर तक हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में उनकी तैनाती हुई।
श्री फूलका ने इस विवरण को चुनौती देते हुए कहा है कि सेना बुलाने और तैनात करने की जिम्मेदारी नागरिक प्रशासन की थी तथा हिंसा के दौरान दिल्ली में सैन्य बल उपलब्ध थे। न्यायमूर्ति रंगनाथ मिश्रा आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उपलब्ध सैनिकों को पहले तैनात किया जा सकता था। उन्होंने सवाल किया कि यदि राजीव गांधी ने 31 अक्टूबर को सेना बुलाने का आदेश दिया था तो हिंसा रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में देरी क्यों हुई।
पुस्तक में जून 1984 में इंदिरा गांधी सरकार द्वारा स्वर्ण मंदिर परिसर से हथियारबंद उग्रवादियों को बाहर निकालने के लिए चलाए गए ऑपरेशन ब्लू स्टार का भी जिक्र है। उस साल एक से आठ जून तक चले इस अभियान में परिसर और अकाल तख्त को भारी नुकसान पहुंचा था तथा बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे। इस संबंध में श्रीमती गांधी ने लिखा है कि जब इंदिरा गांधी को परिसर में हुई तबाही की तस्वीरें और वीडियो दिखाए गए तो उनकी आंखों से आंसू बहने लगे थे। श्रीमती गांधी ने अपनी पुस्तक में इस सैन्य कार्रवाई को लेकर इंदिरा गांधी के दुख और पश्चाताप को प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। हालांकि, फूलका ने सवाल उठाया है कि तस्वीरें देखकर भावुक होना सैन्य कार्रवाई के फैसले पर पश्चाताप का प्रमाण कैसे हो सकता है।
भाजपा प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने पुस्तक को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा है कि किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ के बजाय ‘व्हाइटवॉशिंग’ होना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुस्तक में गांधी परिवार का बचाव किया गया है लेकिन 1984 के फैसलों के परिणामों का पर्याप्त उल्लेख नहीं है। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भाजपा की आलोचना को राजनीतिक लाभ के लिए पुराने घाव कुरेदने की कोशिश बताया है।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ने 1984 की घटनाओं और गांधी परिवार की भूमिका को लेकर पुरानी बहस को फिर से शुरू कर दिया है। पुस्तक में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का बचाव करने के बावजूद उनकी विवादित टिप्पणी और हिंसा के दौरान सरकार की राजनीतिक एवं प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े सवालों पर इसमें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



