राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सोनिया, राहुल, प्रियंका ने सुनाईं अनकही बातें

नई दिल्ली। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का एक वीडियो कांग्रेस की ओर से जारी किया गया है। खाने की मेज पर बैठ कर तीनों अनौपचारिक रूप से बात कर रहे हैं। इस बातचीत में उन्होंने ऐसी बातें बताईं हैं, जिन्हें सोनिया गांधी ने अपनी किताब में नहीं लिखा है या कम लिखा है। इसमें राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनके पिता राजीव गांधी की सुरक्षा जान बूझकर हटाई गई थी। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि उनकी हत्या हो सके।

सोनिया, राहुल और प्रियंका तीनों सोनिया गांधी की किताब, ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ के बारे में चर्चा कर रहे थे। सामने टेबल पर किताब भी पड़ी थी। चर्चा के केंद्र में राजीव गांधी की सुरक्षा का मुद्दा था। राहुल ने बातचीत में कहा कि उन्होंने अपनी मां सोनिया से कहा था कि अगर सुरक्षा बहाल नहीं की गई, तो उन्हें जल्द ही पिता के अंतिम संस्कार में लौटना पड़ सकता है। गौरतलब है कि राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।

सोनिया ने वीडियो में बताया कि राहुल अपने पिता के साथ बिहार दौरे पर गए थे। उन्होंने इस दौरे को बहुत डरावना बताया। उस समय राजीव विपक्ष के नेता थे। वे खुली जीप में यात्रा कर रहे थे। लोगों ने उन पर पत्थर फेंके थे। उस समय वीपी सिंह की सरकार ने राजीव गांधी और उनके परिवार की सुरक्षा में तैनात एसपीजी को हटा दिया था। तब राजीव गांधी के साथ सिर्फ एक पीएसओ होता था। राहुल ने जो कहा उस बात का जिक्र सोनिया ने अपनी किताब में किया है।

प्रियंका ने बातचीत में कहा कि इंदिरा की हत्या के बाद सोनिया गांधी राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित रहती थीं। सोनिया घर की कांटेदार तारें जांचती थीं। वह यह भी देखती थीं कि सुरक्षा गार्ड सो तो नहीं रहे हैं। सोनिया ने 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के फैसले को याद किया। उन्होंने कहा कि उस समय उनके मन में सत्ता का आकर्षण था। उन्हें लग रहा था कि चुनाव प्रचार के दौरान देशभर में कांग्रेस के लिए जुटे कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने पहली बार माना कि चुनाव जीतने के बाद पीएम पद को लेकर उनके मन में असमंजस था।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment