नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के विवादित वीडियो पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट राजी हो गया है। इस विवादित वीडियो को लेकर सीपीआई और सीपीएम के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई है। विवादित वीडियो में मुख्यमंत्री सरमा गोल टोपी और दाढ़ी वाले मुस्लिम जैसे दिखने वाले दो लोगों की ओर राइफल ताने हुए हुए हैं और गोली चला रहे हैं।
इस वीडियो के आधार पर वामपंथी नेताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीनियर वकील निजाम पाशा ने मंगलवार को इस मामले को चीफ जस्टिस सूर्यकांत के सामने मेंशन किया। उन्होंने कहा कि असम के मौजूदा मुख्यमंत्री के भाषणों और हाल में सामने आए वीडियो को लेकर सुप्रीम कोर्ट के तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत है। निजाम पाशा ने यह भी बताया कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक किसी भी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने इस याचिका को सुनवाई के लिए स्वीकार करते हुए कहा कि कोर्ट इस याचिका पर सुनवाई के लिए तारीख तय करेगा। हालांकि साथ ही अदालत ने यह भी कहा कि चुनाव आते ही सुप्रीम कोर्ट भी राजनीति का हिस्सा बन जाता है। गौरतलब है कि असम में अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।


