नई दिल्ली। बजट के दिन की भारी गिरावट के बाद पिछले दो दिन से शेयर बाजार में तेजी लौटी है और भारत व अमेरिका के बीच व्यापार संधि की घोषणा के बाद मंगलवार को शेयर बाजार में दो हजार अंक से ज्यादा की तेजी रही। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से व्यापार संधि की घोषणा किए जाने के बाद तीन फरवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांत 2,073 अंक यानी 2.54 फीसदी बढ़ कर 83,739 पर बंद हुआ। निफ्टी में 639 अंक यानी 2.55 फीसदी की तेजी रही, यह 25,728 पर बंद हुआ।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर टैरिफ को 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। मेटल और फार्मा शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। सूचकांक के 30 शेयरों में से 28 में बढ़त रही। वहीं निफ्टी 50 शेयरों में से 46 शेयरों चढ़ कर बंद हुए। इससे पहले एक फरवरी को बजट में एसटीटी टैक्स बढ़ने के ऐलान के बाद सेंसेक्स 1,546 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था। सोमवार, दो फरवरी को सेंसेक्स 943 अंक चढ़ कर 81,666 पर बंद हुआ था। भारत और अमेरिका के बीच हुई संधि से अडानी ग्रुप के शेयर 11 फीसदी तक बढ़े।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


