नई दिल्ली। एक तरफ अमेरिका ईरान के ऊपर बड़े हमले की तैयारी कर रहा है तो दूसरी तरफ खबर आ रही है कि वह ईरान के तेल बेचने पर लगी पाबंदी को हटा रहा है। ईरान की सरकारी मीडिया ‘तस्नीम न्यूज’ ने बताया है कि अमेरिका ने ईरान के तेल सेक्टर पर लगी पाबंदी को कुछ समय के लिए हटाने पर सहमति दे दी है। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के नए मसौदा फ्रेमवर्क के तहत यह फैसला किया गया है।
जानकार सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका ने इस बार जो नया प्रस्ताव तैयार किया है, वह उसके पिछले सभी प्रस्तावों से पूरी तरह अलग है। इसमें अमेरिका वार्ता की अवधि के दौरान ही ईरान के तेल प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटाने के लिए राजी हो गया है। माना जा रहा है कि प्रतिबंधों को हटाने का सीधा मतलब उन्हें अस्थायी रूप से स्थगित या निलंबित करना है। इसका मकसद बातचीत के लिए एक सकारात्मक माहौल तैयार करना है ताकि दोनों देश किसी अंतिम समझौते पर पहुंच सकें। गौरतलब है कि दोनों देशों ने एक दूसरे को पांच सूत्री प्रस्ताव दिया है, जिस पर अंतिम फैसला होना है।
उससे पहले तेल कारोबार पर लगी पाबंदी को स्थगित करने का प्रस्ताव आया है। कहा जा रहा है कि अमेरिकी प्रशासन ने सुझाव दिया है कि जब तक दोनों देश किसी अंतिम समझौते या समझ पर नहीं पहुंच जाते, तब तक के लिए ओफैक यानी ऑफिस ऑफ फॉरेन असेट कंट्रोल के प्रतिबंधों को निलंबित रखा जाए। ओफैक अमेरिकी वित्त विभाग की वह इकाई है जो अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को लागू करने का काम करती है। अगर इस प्रस्ताव को स्वीकार किया जाता है तो ईरान को तेल कारोबार में बड़ी राहत मिलेगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



