राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सत्ता में हैं, पर रील बना रहे हैं!

मुझे ध्यान नहीं कि सोनिया गांधी ने कभी अपनी रील बनाई या डॉ. मनमोहन सिंह ने बनाई। अटल बिहारी वाजपेयी ने भी रील नहीं बनाई। भारत के प्रधानमंत्री पहले कभी अपने मुँह मियाँ मिट्ठू नहीं बनते थे। भाषणों का भौकाल नहीं बनाते थे। शायद इसलिए कि पावर से बनी उनकी आभा अपने आप लोगों में, दर्शकों, पाठकों, बौद्धिकों, लेखकों, सभी समझदारों के दिलो-दिमाग में उतरती है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी अब सौ वर्ष पुराना संगठन है। नरेंद्र मोदी बारह वर्षों से प्रधानमंत्री हैं। भाजपा नंबर एक राजनीतिक शक्ति है। संघ और मोदी के इतिहास, विचारधारा और कामकाज पर भारतीय तथा विदेशी विद्वानों ने अपनी तह जाना, लिखा भी है। बावजूद इसके सोचें कि क्या संघ और मोदी की कहानी ने देश-दुनिया में वैसी साहित्यिक और मानवीय उत्सुकता पैदा की है जैसी नेहरू–गांधी परिवार की कहानी ने की है?

निश्चित ही संघ की कहानी अलग है। वहाँ शाखाएँ हैं, प्रचारक हैं, अनुशासन है, विचारधारा है, संगठन का विस्तार है। सरसंघचालक बदलते हैं, जबकि उत्तराधिकार परिवार में नहीं चलता। निजी संबंधों के बजाय संगठनात्मक संबंध महत्त्वपूर्ण हैं। जाहिर है संघ की कहानी राजनीतिक और संस्थागत इतिहास अधिक होगी, न कि पारिवारिक गाथा।

ऐसे ही मोदी की कहानी भी अलग है। साधारण पृष्ठभूमि से निकला व्यक्ति संघ का प्रचारक बना। भाजपा का संगठनकर्ता हुआ। गुजरात का मुख्यमंत्री बना और फिर प्रधानमंत्री। इसमें नाटकीयता कम नहीं है। बावजूद इसके सभी तरह के लेखकों द्वारा लिखी गई जीवनियों, पुस्तकों में क्या झलकता है?

प्रोपेगेंडा, जुमलों की हवाबाजी और वह भदेस अंदाज जिससे पाठक के आगे मानो सब कुछ प्रायोजित ढंग से प्रस्तुत। मतलब सिक्के के दोनों पहलू एक से। नेहरू–गांधी परिवार की कहानी को उसके समर्थकों के साथ विरोधियों ने भी जीवित रखा। नेहरू की नीतियों पर आलोचना हुई। इंदिरा के आपातकाल पर पुस्तकें लिखी गईं। कांग्रेस के वंशवाद पर बहस हुई। सोनिया के विदेशी मूल को मुद्दा बनाया गया। हर विवाद से परिवार के बारे में नई चर्चा पैदा हुई। मोदी और संघ के बारे में भी प्रशंसा और आलोचना है। मगर उसमें स्वतंत्र शोध, प्रचारात्मक लेखन, राजनीतिक विश्लेषण और निजी संस्मरण का अनुपात क्या है, इससे अपने आप विषय बेमतलब हुआ पड़ा है।

विडंबना और मजे की बात यह है कि प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे दिनों के वादे के साथ संघ परिवार ने अपनी प्रस्तुति में उन्हीं के तौर-तरीकों (पालतू मीडिया, सोशल मीडिया, भक्तों के कीर्तन आदि) को अपनाया जिससे परिवार का व्यवहार ले-देकर सत्ता के पिछलग्गू होने का बना है।

सोचे, 140 करोड़ लोगों के शासन के मौजूदा प्रतिनिधि मोदी शासन और संघ परिवार दोनों अपनी रील बना कर अपने को क्या बतलाते हुए हैं। अपने कथित कर्तव्य पथ और ताकत दिखावे के पथ संचलनों की उनकी रील, पोस्ट और ट्वीट से ही उनकी कहानी है? क्या सावरकर या गोलवलकर या पंडित मदनमोहन मालवीय, करपात्री जैसे किसी भी नेहरू विरोधी चेहरे ने अपना ऐसा कोई भोंडापन, मजाक बनवाया?

Tags :

By हरिशंकर व्यास

मौलिक चिंतक-बेबाक लेखक और पत्रकार। नया इंडिया समाचारपत्र के संस्थापक-संपादक। सन् 1976 से लगातार सक्रिय और बहुप्रयोगी संपादक। ‘जनसत्ता’ में संपादन-लेखन के वक्त 1983 में शुरू किया राजनैतिक खुलासे का ‘गपशप’ कॉलम ‘जनसत्ता’, ‘पंजाब केसरी’, ‘द पॉयनियर’ आदि से ‘नया इंडिया’ तक का सफर करते हुए अब चालीस वर्षों से अधिक का है। नई सदी के पहले दशक में ईटीवी चैनल पर ‘सेंट्रल हॉल’ प्रोग्राम की प्रस्तुति। सप्ताह में पांच दिन नियमित प्रसारित। प्रोग्राम कोई नौ वर्ष चला! आजाद भारत के 14 में से 11 प्रधानमंत्रियों की सरकारों की बारीकी-बेबाकी से पडताल व विश्लेषण में वह सिद्धहस्तता जो देश की अन्य भाषाओं के पत्रकारों सुधी अंग्रेजीदा संपादकों-विचारकों में भी लोकप्रिय और पठनीय। जैसे कि लेखक-संपादक अरूण शौरी की अंग्रेजी में हरिशंकर व्यास के लेखन पर जाहिर यह भावाव्यक्ति -

Leave a comment