राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर का शीर्ष कमांडर ढेर

जम्मू-कश्मीर में दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के जंगलपोरा गांव में सुरक्षा बलों के साथ चल रही मुठभेड़ में बुधवार को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का वांछित कमांडर मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

आतंकवादी भट पर कई हमलों में शामिल होने का आरोप था, जिसमें हाल ही में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जवानों पर हुआ हमला और दक्षिण कश्मीर में एक पुलिस हेड कांस्टेबल और प्रवासी मजदूरों की हत्याएं शामिल हैं।

यह मुठभेड़ कुलगाम के जंगलपोरा गांव में हुयी जहां सुरक्षा बलों ने एक स्थानीय मस्जिद के अंदर एक आतंकवादी के होने की खुफिया सूचना के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था।

अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षाा बलों एलईटी कमांडर भट से आत्मसमर्पण करने की अपील की लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद गोलीबारी हुई, जिसमें वह मारा गया। भट पर 15 लाख रुपये का इनाम था।

इससे पहले, कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनायत अली चौधरी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस को मिले खुफिया सूचना के बाद सुरक्षा बल और पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा कि इलाके को घेर लिया गया था और भट को आत्मसमर्पण करने के लिए मनाने के कई बार प्रयास किये गये, जिसमें वीडियो कॉल भी शामिल थी।

Also Read : बुमराह की वापसी, कीवियों के सामने भारत की अग्निपरीक्षा

एसएसपी ने पत्रकारों को बताया हमने उसके साथ वीडियो कॉल पर बात की। मेरे और 9 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर के बीच लंबी बातचीत हुई। हमने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए मनाने की कोशिश की और कहा कि उसकी ज़िंदगी अभी बहुत बाकी है, लेकिन उसने एक नहीं सुनी।

श्री चौधरी के मुताबिक बार-बार आत्मसमर्पण करने की घोषणा के बावजूद भट एक मस्जिद में छिपा रहा। बाद में उसने देर रात करीब 2:45 बजे सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई।

उन्होंने कहा मस्जिद होने के कारण हमने अधिकतम संयम बरता है। मस्जिद घेराबंदी वाले इलाके के बीच में स्थित है और एक आतंकवादी उसके अंदर से गोलीबारी कर रहा है।

एसएसपी ने कहा कि धार्मिक स्थल को कम से कम नुकसान पहुंचाते हुए आतंकवादी को मार गिराने के लिए सुरक्षा बल सभी संभावित विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। श्री चौधरी ने कहा हम समय आने पर आतंकवादी को ढेर करेंगे। समय हमारे पक्ष में है और हमारे पास पर्याप्त समय है।

सोमवार के बाद से कुलगाम जिले में यह दूसरी मुठभेड़ है। उस दिन मुठभेड़ के दौरान गोलीबारी में भट के कथित सहयोगी उमर निसार डार की मौत हो गई थी। आतंकवादी भट गत 16 नवंबर को हुयी मुठभेड़ के दौरान जान बचाकर कथित तौर पर फरार हो गया था।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment