नई दिल्ली। गुरुवार की शाम को चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्रियों के साथ होने वाली किसान संगठनों की बैठक में अगर बात नहीं बनती है तो किसान 16 फरवरी को भारत बंद करेंगे। दिल्ली चलो का आह्वान करने वाले किसान संगठनों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा, एसकेएम ने 16 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया है। एसकेएम ने अन्य किसान संगठनों और किसानों से इस भारत बंद में शामिल होने का अनुरोध किया है। गौरतलब है कि पंजाब और हरियाणा बॉर्डर पर सुरक्षा बलों के साथ झड़प मे किसानों के घायल होने की खबरों के बाद कई किसान संगठन और समर्थन में उतरे हैं।
बहरहाल, संयुक्त किसान मोर्चा और अन्य ट्रेड यूनियनों की ओर से बुलाए गए भारत बंद 16 फरवरी को सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक जारी रहेगा। इसके अलावा देश भर के किसान मुख्य सड़कों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक जाम करेंगे। इस दौरान, खासकर पंजाब में शुक्रवार को ज्यादातर राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग चार घंटे के लिए पूरी तरह से बंद रहेंगे। इस बंद की वजह से राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में और देश के दूसरे हिस्सों में भी जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित होगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


