nayaindia Bharat Nyay Yatra Rahul Gandhi राहुल अब न्याय यात्रा करेंगे

राहुल अब न्याय यात्रा करेंगे

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब भारत न्याय यात्रा पर निकलने वाले हैं। कांग्रेस पार्टी की ओर से बताया गया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी पूरब से पश्चिम की यात्रा करेंगे। यह यात्रा सात महीने से हिंसा से जूझ रहे मणिपुर से शुरू होगी और देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में सम्पन्न होगी। राहुल गांधी की यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होगी और 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। गौरतलब है कि मार्च में ही लोकसभा चुनाव की घोषणा होगी।

अपनी यात्रा के इस दौरान राहुल 14 राज्य और 85 जिलों से गुजगेंग। भारत जोड़ो यात्रा की तरह राहुल पूरी यात्रा पैदल नहीं चलेंगे। यह यात्रा हाइब्रीड मोड में होगी, जिसमें राहुल गांधी बस से और पैदल कुल मिला कर छह हजार दो सौ किलोमीटर की यात्रा करेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने बुधवार को नई दिल्ली में इस यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताय कि यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 14 मार्च को इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। राहुल की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन इस मौके पर मौजूद रहे थे। बहरहाल, वेणुगोपाल ने बताया है कि भारत न्याय यात्रा का मकसद आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय है। इस यात्रा में राहुल युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों से मुलाकात करेंगे।

कांग्रेस ने बताया है कि बस यात्रा से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जाएगा। यात्रा में कुछ छोटे हिस्से को रुक-रुक कर पैदल भी कवर किया जाएगा। कांग्रेस महासिचव वेणुगोपाल ने यह भी बताया है कि गुरुवार यानी 28 दिसंबर को कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी नागपुर में महारैली करेगी। इसका नाम है- हैं तैयार हम। इस महारैली से 2024 लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल साढ़े तीन हजार किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरे थे। श्रीनगर में यात्रा के समापन के मौके पर शेर ए कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में राहुल ने एक रैली भी की थी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें