nayaindia boxer vijender singh join bjp बॉक्सर विजेंदर सिंह भाजपा में शामिल

बॉक्सर विजेंदर सिंह भाजपा में शामिल

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंदर सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। मंगलवार की रात तक वे राहुल गांधी के ट्विट को रिट्विट कर रहे थे और उनके बारे में चर्चा हो रही थी कि कांग्रेस उनको उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट लोकसभा का चुनाव लड़ा सकती है।

लेकिन बुधवार को वे अचानक भाजपा में शामिल हो गए। पिछले चुनाव के समय यानी 2019 में वे कांग्रेस में शामिल हुए थे और कांग्रेस की टिकट पर दक्षिणी दिल्ली सीट पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली।

विजेंदर सिंह ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा एशियाई खेलों में उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया था। भाजपा में शामिल होने के बाद विजेंदर ने कहा- मैं विकास और देश की तरक्की के लिए भाजपा से जुड़ा हूं।

मैं चाहता हूं कि लोगों का भला कर सकूं। हरियाणा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर विजेंदर सिंह ने कहा कि मैंने हमेशा गलत को गलत और सही को सही कहा है। मैं भाजपा में शामिल होकर बहुत सारे खिलाड़ियों का भला करूंगा।

यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस में क्या कमी है कि वे भाजपा में शामिल हो गए, उन्होंने कहा- ये तो कांग्रेस वाले बताएंगे कि उनमें क्या कमी है। मैं तो अब बीजेपी में शामिल हो गया हूं। गौरतलब है कि विजेंदर ने 2024 में हरियाणा की महेंद्रगढ़-भिवानी सीट से कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।

हालांकि उन्होंने इस ऐलान के साथ ही कहा था कि यह फैसला पार्टी करेगी। विजेंदर ने किसान आंदोलन का भी समर्थन किया था। कुछ समय पहले विजेंदर के आम आदमी पार्टी में भी शामिल होने की चर्चा भी हुई थी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें