विजयवाड़ा। स्किल डेवलपमेंट से जुड़े कथित घोटाले में गिरफ्तार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को जमानत नहीं मिली। अदालत ने उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेज दिया। तेलुगू देशम पार्टी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू को भ्रष्टाचार के कथित मामले में गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद रविवार सुबह भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी की एक अदालत के सामने पेश किया गया था। इस बीच राज्य के कई हिस्सों में टीडीपी समर्थकों का प्रदर्शन जारी है। चंद्रबाबू नायडू के समर्थन में विजयवाड़ा पहुंचने की कोशिश कर रहे मशहूर फिल्म अभिनेता और जन सेना के नेता पवन कल्याण को भी हिरासत में लिया गया। बहरहाल, नायडू को शनिवार को तड़के नांदयाल में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें अदालत में पेश करने से पहले कुंचनपल्ली स्थित सीआईडी के विशेष जांच दल यानी एसआईटी कार्यालय में करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई। उनकी गिरफ्तारी के बाद ऐहतियात के तौर पर पूरे राज्य में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। विजयवाड़ा शहर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
बहरहाल, आंध्र प्रदेश पुलिस ने कथित स्किल डेवलपमेंट घोटाले में नायडू को ‘मुख्य साजिशकर्ता’ बताया है। पुलिस का आरोप है कि इस कथित घोटाले से राज्य सरकार को तीन सौ करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। इससे पहले शनिवार देर रात अभिनेता और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का विरोध किया। राज्य सरकार के विरोध में वे अपने समर्थकों के साथ विजयवाड़ा जा रहे थे। बीच रास्ते में उन्हें पुलिस ने रोका। विरोध में वे सड़क पर ही लेट गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें एहतियात के तौर पर हिरासत में ले लिया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


