शिमला/चंडीगढ़। उत्तर भारत में कांग्रेस पार्टी की इकलौती सरकार खतरे में है। हिमाचल प्रदेश में ऑपरेशन लोटस के तहत भाजपा ने कांग्रेस विधायकों में सेंधमारी कर दी है। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के बाद कांग्रेस के छह विधायक राजधानी शिमला छोड़ कर हरियाणा के पंचकूला पहुंच गए हैं। हिमाचल विधानसभा के तीन निर्दलीय विधायक भी उनके साथ हैं। Himachal Pradesh Congress govt
कांग्रेस के छह विधायकों की क्रॉस वोटिंग और तीन निर्दलीय विधायकों की मदद से भाजपा ने राज्यसभा की सीट जीत ली है। बहुमत के बावजूद कांग्रेस के अभिषेक सिंघवी चुनाव हार गए हैं।
गौरतलब है कि 68 सदस्यों की हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस के 40 और भाजपा के 25 विधायक हैं। बाकी तीन निर्दलीय विधायक हैं। संख्या बल नहीं होने के बावजूद भाजपा ने पुरानी कांग्रेसी नेता हर्ष महाजन को उम्मीदवार बनाया था। सिंघवी को हरा कर महाजन चुनाव जीत गए हैं। और अब कांग्रेस की सरकार खतरे में है। कांग्रेस विधायकों के पंचकूला जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनको अगवा किया गया है। उन्होंने हरियाणा पुलिस पर विधायकों को जबरदस्ती पकड़ कर रखने का आरोप लगाया है।
इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस के छह विधायक- सुजानपुर के राजेंद्र राणा, धर्मशाला के सुधीर शर्मा, कुटलैहड़ के देवेंद्र भुट्टो, बड़सर के आईडी लखनपाल, लाहौल-स्पीति के रवि ठाकुर और गगरेट के चैतन्य शर्मा वोटिंग से पहले एक ही गाड़ी में विधानसभा पहुंचे। विधानसभा के बाहर गाड़ी से उतरते ही भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर और राकेश जम्वाल इनसे मिले।
बताया जा रहा है कि इनके अलावा तीन निर्दलीय विधायकों- हमीरपुर के आशीष शर्मा, देहरा के होशियार सिंह और नालागढ़ के केएल ठाकुर ने भी भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन को वोट दिया।
बाद में खबर आई कि इन सभी नौ विधायकों को सीआरपीएफ की सुरक्षा दी जा रही है। इसके लिए सीआरपीएफ के जवान तीन बसों से शिमला पहुंचे। इसके बाद ये सभी नौ विधायक पंचकूला के रेस्ट हाउस में पहुंच गए। बहरहाल, राज्यसभा चुनाव में सभी 68 विधायकों ने वोट डाला है। गिनती शुरू हुई तो भाजपा ने विरोध जताया, जिसके बाद गिनती रोकी गई।
इसके बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा- जिस तरह अभी काउंटिग शुरू हुई और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर काउंटिंग ऑफिसर को धमका रहे हैं, ये लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा- सीआरपीएफ और हरियाणा पुलिस हिमाचल के विधायकों को लेकर गई हैं। उनके परिवार के लोग संपर्क कर रहे है। उन्होंने भाजपा पर गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पास पूरा बहुमत है। साथ ही कहा कि जिस तरह का गंदा खेल भाजपा खेल रही है, हिमाचल की संस्कृति इस चीज को पसंद नहीं करती।


