नई दिल्ली। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने रविवार को 30वें सेना प्रमुख का पद संभाल लिया। उन्होंने जनरल मनोज पांडे की जगह ली है। जनरल पांडे को लोकसभा चुनावों के चलते एक महीने का सेवा विस्तार दिया गया था। वे 30 मई को रिटायर होने वाले थे लेकिन उनका कार्यकाल 30 जून तक बढ़ा दिया गया था। बहरहाल, उनकी जगह सेना प्रमुख बने जनरल द्विवेदी को चीन और पाकिस्तान से सटी सीमाओं पर कार्य करने का व्यापक अनुभव है। वे उप सेना प्रमुख के रूप में काम कर चुके है।
जनरल द्विवेदी 19 फरवरी को सेना के उप प्रमुख का कार्यभार संभालने से पहले 2022 से 2024 तक उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ रहे थे। उन्होंने भारतीय सेना की कमान ऐसे समय में संभाली है, जब भारत चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चुनौतियों सहित कई सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। इससे पहले उत्तरी सेना के कमांडर के तौर पर जनरल द्विवेदी ने जम्मू कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियानों के संचालन के अलावा, उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर अभियान के संचालन में बड़ी भूमिका निभाई है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


