nayaindia india alliance rally रांची में विपक्ष की साझा रैली

रांची में विपक्ष की साझा रैली

रांची। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान की रैली के बाद अब झारखंड में विपक्षी पार्टियों ने साझा रैली करके शक्ति प्रदर्शन किया। राजधानी रांची में रविवार को विपक्षी गठबंधन की रैली हुई। झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की ओर से आयोजित इस रैली को उलगुलान रैली का नाम दिया गया था। जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और दिल्ली की जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रैली को संबोधित किया। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव आदि शामिल हुए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रैली में कहा- केंद्र सरकार अरविंद केजरीवाल को मारना चाहती है। उन्हें जेल में सही दवा नहीं दी जा रही। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में डाल दिया गया। ये सरकार की तानाशाही को दिखाता है। उन्होंने कहा- अरविंद केजरीवाल को सत्ता का कोई लालच नहीं था। वे सिर्फ देश की सेवा करना चाहते हैं। वे देश को नंबर एक बनाना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में केजरीवाल को इंसुलिन नहीं दे रहे हैं। वे दिल्ली के सीएम को मारना चाहते हैं।

कल्पना सोरेन ने जेल में बंद अपने पति हेमंत सोरेन का संदेश पढ़ा। हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा- साथियों, आज झारखंड उलगुलान रैली में आपके साथ नहीं हूं। विगत चार सालों से मेरे खिलाफ षड्यंत्र रचकर आखिरकार एक बेबुनियाद आरोप में करीब ढाई महीने से मुझे बिरसा जेल में बंद कर रखा है। उन्होंने कहा- यह आजादी के बाद पहली बार हुआ है जब किसी पार्टी के नेता और मुख्यमंत्री और मंत्रियों को चुनकर चुनाव के ठीक पहले संयोजित तरीके से बेबुनियाद आरोप में जेल में डाला गया है। खैर कोई बात नहीं मुझे आज जेल में रहते हुए भी खुशी हो रही है कि जिस लोकतंत्र की रक्षा हक अधिकार की लड़ाई के लिए हम लड़ रहे हैं उसे केवल हम ही नहीं, बल्कि विभिन्न राज्य के नेता आगे बढ़ा रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने भाषण में कहा- मोदी जी गरीबों से वोट छिनना चाहते हैं, संविधान बदलना चाहते हैं। उनके लोग कहते है, इस बार चार सौ पार। गनीमत है कि ये नहीं बोल रहे कि इस बार छह सौ पार। इस बार विपक्षी गठबंधन की शक्ति इतनी है कि बीजेपी के लोग हमारी मजबूती को तोड़ नहीं सकेंगे।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रैली में भाजपा पर हमला करते हुए कहा- जब से इन्होंने आपके मुख्यमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेल भेजा है वे चुनाव हार चुके हैं… मैदान में जब पहलवान हारने लगता है तब कई तरह के हथकंडे अपनाता है… भाजपा यह न भूले कि शेर को गिरफ्तार किया है लेकिन उनकी दहाड़ को गिरफ़्तार नहीं कर पाए हैं…। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा- पीएम मोदी ने केवल ये काम किए हैं, देश में गरीबी बढ़ाई, महंगाई बढ़ाई और जुमलेबाजी की। 2014 में उन्होंने कहा था कि हर साल दो करोड़ लोगों को नौकरी दी जाएगी..वो नौकरी कहां गई? काला धन वापस आएगा और सभी के खाते में 15 लाख रुपए डाले जाएंगे। आप लोग के खाते में पैसा नहीं आए लेकिन बीजेपी के खाते में चुनावी बांड के जरिए हजारों करोड़ रुपए आ गए हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें