बेंगलुरू। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो ने शनिवार को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। इसरो ने 10 साल तक मौसम की सटीक जानकारी देने वाला सेटेलाइट इनसैट-3डीएस को लॉन्च किया। इसे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से शाम पांच बज कर 35 मिनट पर इसे लॉन्च किया गया। सेटेलाइट की लॉन्चिंग जियोसिंक्रोनस लॉन्च व्हीकल यानी जीएसएलवी-एफ 14 रॉकेट से हुई। यह 19 मिनट 13 सेकेंड में 37 हजार किलोमीटर ऊंचाई पर जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट यानी पृथ्वी की ऊपरी कक्षा में पहुंचा।
एक जनवरी 2024 को पीएसएलवी-सी58 एक्सपोसैट मिशन की लॉन्चिंग के बाद 2024 में इसरो का यह दूसरा मिशन है। यह इनसैट-3डी सीरीज की सातवीं उड़ान है। इस सीरीज में इससे पहले सेटेलाइट इनसैट-3डीआर आठ सितंबर 2016 को लॉन्च किया गया था। इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ के मुताबिक 10 नवंबर 2023 से इनसैट-3जीएस के वाइब्रेशन टेस्ट शुरू हो गए थे। यह 6-चैनल इमेजर और 19-चैनल साउंडर के जरिए मौसम से जुड़ी जानकारी देगा। साथ ही तलाश और राहत के लिए जमीनी डाटा और संदेश भी प्रसारित करेगा।
बताया गया है 2,274 किलो वजन का यह सेटेलाइट एक बार चालू होने के बाद अर्थ साइंस, मौसम विज्ञान विभाग, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशन टेक्नोलॉजी, मौसम पूर्वानुमान केंद्र और भारतीय राष्ट्रीय केंद्र के तहत विभिन्न विभागों को सेवा देगा। इसके साथ भेजे गए पेलोड का इस्तेमाल बादल, कोहरे, वर्षा, बर्फ और उसकी गहराई, आग, धुआं, भूमि और समुद्र पर अध्ययन के लिए किया जाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


