नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण का मतदान सोमवार को होगा। सोमवार, 13 मई को 10 राज्यों की 96 सीटों पर वोट पड़ेंगे और इसके साथ ही देश के 380 सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा। चौथे चरण के मतदान के बाद देश के 18 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों की 379 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। चौथे चरण में आंध्र प्रदेश की सभी 25 और तेलंगाना की सभी 17 सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ ही दक्षिण भारत के सभी राज्यों में मतदान का कार्य समाप्त हो जाएगा। वोटों की गिनती चार जून को होगी।
चौथे चरण के मतदान के दिन यानी 13 मई को आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों पर भी मतदान होग। सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस को टीडीपी, भाजपा और जन सेना पार्टी ने कड़ी टक्कर दी है। मुख्यमंत्री वाईएस शर्मिला के नेतृत्व में कांग्रेस ने मुकाबले को त्रिकोणात्मक बनाने का प्रयास किया है। पिछली बार जगन मोहन रेड्डी की पार्टी ने लोकसभा की 22 और विधानसभा की 152 सीटें जीती थीं। बहरहाल, चौथे चरण के मतदान से पहले सभी पार्टियों ने प्रचार में पूरी ताकत लगाई।
पिछले चुनाव में यानी 2019 में इन 96 सीटों में से सबसे ज्यादा 42 सीटें भाजपा मे जीती थी। इसके बाद आंध्र प्रदेश की 25 में से 22 सीटें वाईएसआर कांग्रेस ने जीती थी। बीआरएस ने नौ और कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी। अन्य को 17 सीटें मिली थीं। चौथे चरण की 96 सीटों में से सबसे ज्यादा 70 सीटों पर भाजपा लड़ रही है, जबकि कांग्रेस ने 61 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। जगन मोहन की पार्टी वाईएस कांग्रेस 25 सीटों पर तो भाजपा की सहयोगी टीडीपी 17 सीटों पर लड़ रही है। तेलंगाना में बीआरएस सभी 17 सीटों पर लड़ रही है। इस चरण में गिरिराज सिंह और अर्जुन मुंडा सहित पांच केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत दांव पर लगी है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और हिंदी फिल्मों के जाने माने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा भी इस चरण में चुनाव लड़ रहे हैं।
चौथे चरण में आंध्र प्रदेश की 25 और तेलंगाना की 17 सीटों के अलावा उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान होगा। महाराष्ट्र की 11 और पश्चिम बंगाल व मध्य प्रदेश की आठ आठ सीटों पर भी सोमवार को वोट डाले जाएंगे। बिहार की पांच, झारखंड व ओडिशा की चार चार और जम्मू कश्मीर की एक सीट पर चौथे चरण में मतदान होगा। इस चरण में देश के दो सबसे अमीर प्रत्याशी मैदान में हैं। आंध्र प्रदेश के गुंटूर से टीडीपी के उम्मीदवार के पास 5,705 करोड़ रुपए और तेलंगाना की चेवेल्ल सीट से भाजपा प्रत्याशी के पास 4,568 करोड़ रुपए की संपत्ति है। चुनाव आयोग के मुताबिक चौथे चरण में कुल 1,717 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,540 पुरुष और 170 महिला उम्मीदवार हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी एडीआर के मुताबिक, इस चरण में 21 फीसदी यानी 360 उम्मीदवार पर आपराधिक मामले दर्ज हैं और 28 फीसदी यानी 476 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


