Monday

23-06-2025 Vol 19

नकुल, वैभव और गोगोई को टिकट

361 Views

नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। मंगलवार की शाम को जारी की गई दूसरी सूची में कुल 43 नाम हैं। कांग्रेस की पहली सूची में 39 नाम थे।

सो, अब तक कांग्रेस की ओर से 82 नामों का ऐलान हो गया है। दूसरी ओर भाजपा ने पहली ही सूची में 195 नामों का ऐलान किया था। ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की सभी 42 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी हैं।

बहरहाल, कांग्रेस की दूसरी सूची में मध्य प्रदेश से कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ, राजस्थान से अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत और असम में दिवंगत तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई के नाम की घोषणा की गई है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ को छिंदवाड़ा से तो राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जालौर से टिकट दिया गया है। गौरव गोगोई जोरहाट सीट से लड़ेंगे। भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए चुरू के सांसद राहुल कस्वां को कांग्रेस ने उसी सीट से उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस की दूसरी सूची में असम से 12, गुजरात से सात, मध्य प्रदेश से 10, राजस्थान से 10, उत्तराखंड से तीन और दमन दीव के एक उम्मीदवार का ऐलान किया गया है। कांग्रेस की ओर से जारी सूची के मुताबिक 43 उम्मीदवारों में से 10 सामान्य श्रेणी के हैं, 13 उम्मीदवार ओबीसी, 10 अनुसूचित जाति के, नौ अनुसूचित जनजाति के, एक मुस्लिम और चार महिला उम्मीदवार हैं।

इनमें से 25 उम्मीदवार 50 साल से कम उम्र के हैं, जबकि आठ उम्मीदवारों की उम्र 51 से 60 साल के बीच है। बाकी 10 प्रत्याशी 61 साल से ऊपर की उम्र के हैं।

इससे पहले कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति, सीईसी की दूसरी बैठक सोमवार शाम को हुई थी। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और सीईसी के अन्य सदस्य शामिल हुए।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा बैठक में शामिल नहीं हुए थे। इससे पहले आठ मार्च को कांग्रेस ने 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मेघालय, नगालैंड, सिक्किम, तेलंगाना और त्रिपुरा की लोकसभा सीटों के लिए नामों की घोषणा की गई।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *