भोपाल/रायपुर। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बुधवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों मुख्यमंत्रियों की शपथ में शामिल होंगे। मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को होगा। भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद उन्होंने इस बारे में जानकारी दी थी। मोहन यादव के साथ दो उप मुख्यमंत्रियों की भी शपथ होगी।
विधायक दल का नेता चुने जाने बाद मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने मोहन यादव को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है और उन्हें अगले मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्ति से संबंधित एक पत्र सौंपा है। मोहन यादव बुधवार दोपहर 12 बजे पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। शपथ समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह 11 बजे विशेष विमान से भोपाल पहुंचेंगे। यहां राजाभोज एयरपोर्ट से शपथ ग्रहण समारोह स्थल तक वे हेलीकाप्टर से जाएंगे। प्रधानमंत्री भोपाल में करीब दो घंटे रहेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे वे रायपुर के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल के सदस्य बुधवार को दोपहर दो बजे शपथ लेंगे। अधिकारियों ने बताया है कि बुधवार को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में दोपहर दो बजे विष्णु देव साय का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


