पीएम मोदी 18 जून को संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पीएम-किसान के अंतर्गत 20 हजार करोड़ रुपए की 17वीं किस्त जारी करेंगे। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों को पीएम किसान योजना की 17वीं किस्त जारी करने तथा कृषि सखियों के रूप में 30,000 से अधिक स्वयं सहायता समूहों को प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए 18 जून को वाराणसी का दौरा करेंगे। यह कार्यक्रम केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में शिवराज के अलावा उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के मंत्री सहित कई प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। शिवराज ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प पूरा करने के लिए कृषि सबसे महत्वपूर्ण आधार है और कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की नींव है। रोजगार के सबसे ज्यादा अवसर कृषि के माध्यम से ही सृजित होते हैं।
शिवराज सिंह ने कहा कि कृषि और किसान पहले भी मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता रहे हैं जिसके चलते किसानों के कल्याण के लिए अनेकों कदम उठाए गये और अभी भी प्रधानमंत्री ने पद ग्रहण करने के बाद सबसे पहले किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त किसानों को जारी करने को लेकर हस्ताक्षर किए। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने सबसे पहले कार्यक्रम में पीएम किसान की बहुप्रतीक्षित 17वीं किस्त, 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि, 9.26 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों को प्रधानमंत्री के वाराणसी से बटन के एक क्लिक से वितरित की जाएगी।
किसान सम्मान निधि 24 फरवरी 2019 को शुरू की गई एक केंद्रीय क्षेत्र की योजना है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के पंजीकरण और सत्यापन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखते हुए केंद्र सरकार ने देश भर में लगभग 11 करोड़ से अधिक किसानों को 3.04 लाख करोड़ रुपये से अधिक का वितरण किया है और इसके साथ ही, योजना की शुरुआत से लाभार्थियों को हस्तांतरित कुल राशि 3.24 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।
यह भी पढ़ें :-
पानी की कमी को लेकर AAP के खिलाफ कांग्रेस का मटका फोड़ प्रदर्शन
G7 climate summit: पुरानी प्रतिबद्धताओं की पुनरावृत्ति, नई प्रगति की कमी
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


