राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पूरे देश में निकली जगन्नाथ रथ यात्रा

नई दिल्ली/भुवनेश्वर। रविवार को पूरे देश में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकली। ओडिशा के पुरी में इस बार रथयात्रा दो दिन में पूरी होगी। 53 साल के बाद ऐसा हो रहा है। तभी रविवार को सूर्यास्त होते ही यात्रा रोक दी गई। इससे पहले दिन में यात्रा के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें चार सौ के करीब लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। पुरी की रथयात्रा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल हुईं। उधर अहमदाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रथयात्रा में शामिल हुए।

बहरहाल, पुरी में यात्रा का पहला दिन रविवार को सूर्यास्त के साथ ही पूरा हो गया। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथ रुक गए हैं। अब रात की पूजा और सोमवार सुबह की पूजा रथों पर ही होगी। सोमवार की सुबह नियमित पूजा के बाद करीब नौ बजे से रथयात्रा फिर शुरू होगी। जगन्नाथ मंदिर की ओर से बताया गया है कि सोमवार की सुबह भगवान की मंगला आरती चार बजे होगी। इसके बाद सुबह सात बजे भगवान को खिचड़ी का भोग प्रसाद लगाया जाएगा।

इससे पहले रविवार को सबसे पहले बलभद्र का रथ खींचा गया है। इसके बाद सुभद्रा और जगन्नाथ जी का रथ खींचा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी भक्तों के साथ सुभद्रा का रथ खींचा। इसके बाद वे वहां से लौट गईं। राष्ट्रपति सोमवार की सुबह फिर रथयात्रा में शामिल होंगी। राजधानी दिल्ली के साथ साथ देश के अन्य हिस्सों में भी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकली। बिहार की राजधानी पटना में भी रथयात्रा निकली।

कोलकाता में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा से पहले पूजा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शामिल हुईं। उधर गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को भगवान जगन्नाथ की 147वीं वार्षिक रथ यात्रा निकाली गई। भगवान जगन्नाथ, अपने भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ जमालपुर इलाके में स्थित चार सौ साल पुराने जगन्नाथ मंदिर से 18 किलोमीटर की रथ यात्रा पर निकले। केंद्रीय गृह अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी इसमें शामिल हुए।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *