अमृतसर। खालिस्तानी अलगाववादियों की गतिविधियों को लेकर भारत और कनाडा में चल रहे टकराव के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधई सोमवार को अमृतसर पहुंचे और स्वर्ण मंदिर में माथा टेका। इसके बाद उन्होंने लंगर हॉल में जूठे बर्तन धोने की सेवा की। वे काफी समय तक स्वर्ण मंदिर में ही रुके रहे। इस दौरान उन्होंने सिर पर नीले रंग का पटका पहना हुआ था। इससे पहले जब वे भारत जोड़ो यात्रा के वक्त स्वर्ण मंदिर गए थे तो पगड़ी पहनी थी।
राहुल गांधी सोमवार की रात को अमृतसर में रूके। पहले उनके रुकने के लिए एक सराय में इंतजाम किए गए थे लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे रद्द करना पड़ा। अब वे एक होटल में रुकेंगे। जानकार सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी सुबह दरबार साहिब में होने वाली पालकी साहिब के समागम में भी शामिल हो सकते हैं। उनका यह यह दौरा निजी रखा गया है। इस दौरान कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। इस वजह से पंजाब के कांग्रेस नेता उनके स्वागत आदि के लिए नहीं पहुंचे। उनके इस दौरे से पहले पंजाब पुलिस द्वारा सुरक्षा के इंतजाम भी कड़े किए गए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


