nayaindia second phase voting 89 सीटों के लिए प्रचार थमा

89 सीटों के लिए प्रचार थमा

Loksabha Election 2024
Loksabha Election 2024

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण के लिए बुधवार की शाम को प्रचार का शोर थम गया। दूसरे चरण में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 89 सीटों पर मतदान होगा। इसमें कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी है। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसमें केरल की वायनाड सीट भी शामिल है, जहां से राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण में केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, फिल्म अभिनेत्री हेमामालिनी, शशि थरूर, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी आदि की किस्मत का फैसला होगा।

गौरतलब है कि सात चरण में हो रहे चुनाव के पहले चरण में पिछले शुक्रवार को 21 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर वोटिंग हुई। कपीब 65.5 फीसदी लोगों ने मतदान किया। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में केरल की सभी 20 सीटों पर मतदान होगा। राजस्थान की बची हुई 13 सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा कर्नाटक की 28 में से 14, महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश की आठ-आठ, मध्य प्रदेश की सात, असम और बिहार की पांच-पांच, छत्तीसगढ़ व पश्चिम बंगाल में तीन-तीन, मणिपुर, त्रिपुरा और जम्मू कश्मीर में एक-एक सीट पर मतदान होगा।

पहले चरण में कम मतदान होने और जमीनी स्तर पर मतदाताओं में जोश नहीं होने की खबरों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव को एक नया रंग दिया। उन्होंने रविवार को राजस्थान के बांसवाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए ऐसा बयान दिया, जिस पर विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस के घोषणापत्र की आलोचना करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल लोगों की मेहनत की कमाई और कीमती सामान घुसपैठियों और अधिक बच्चे वालों को देने की योजना बना रही है। उन्होंने 2006 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भाषण का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस मानती है कि देश के संसाधनों पर अल्पसंख्यकों का पहला हक होना चाहिए।

बहरहाल, दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन बुधवार को सभी पार्टियों के नेताओं ने पूरी ताकत झोंकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई सभाएं कीं और मध्य प्रदेश में रोड शो किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,  भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा आदि ने भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया। अंतिम दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी कई सभाएं कीं। कांग्रेस का पूरा ध्यान केरल और कर्नाटक पर था, जहां दूसरे चरण में मतदान होना है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें