नई दिल्ली। संसद के दोनों सदनों से महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया कि उन्होंने नारी विकास का नया युग शुरू होने की जो गारंटी दी थी उसे पूरा कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बरसों से इसके लिए प्रयास कर रही थी। संसद से महिला आरक्षण बिल पास होने के दूसरे दिन शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में बड़े जश्न का आयोजन किया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने महिला आरक्षण बिल पास होने का जिक्र करते हुए कहा कि जब मजबूत सरकार होती है तो ऐसे ही फैसले होते हैं।
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली स्थिति भाजपा मुख्यालय पहुंचे। वहां पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया और धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने भाजपा दफ्तर में मौजूद महिला कार्यकर्ताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा- मैं आज देश की हर माता-बहन और बेटी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कल और परसों 20 और 21 सितंबर को हम सबने एक नया इतिहास बनते देखा है। हम सबका सौभाग्य है कि ये अवसर हमें मिला है। आने वाली हर पीढ़ी तक इस दिवस की और इस निर्णय की चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा- किसी निर्णय में देश का भाग्य बदलने की क्षमता होती है। हम ऐसे ही निर्णय के साक्षी हैं। जिस बात को देश को पिछले कई दशकों से इंतजार था। वो सपना अब साकार हुआ है। यह देश के लिए खास समय है। यह भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए भी खास है। मोदी ने कहा- आज हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है। पूरे देश की माताएं, बहनें, बेटियां खुशी मना रही हैं। गौरतलब है कि गुरुवार को देर रात तक चली चर्चा के बाद राज्यसभा से महिला आरक्षण बिल पास हुआ। लोकसभा ने इसे बुधवार को मंजूरी दी थी।
महिला आरक्षण कानून को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- यह कोई सामान्य कानून नहीं है। यह नए भारत का उद्घोष है। यह बहुत बड़ा और मजबूत कदम है। महिलाओं का जीवन सुधारने के लिए जो गारंटी मोदी ने दी थी, उसका यह प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा- इस कानून के जरिए भाजपा महिलाओं की भागीदारी के लिए तीन दशक से प्रयास कर रही थी। यह हमारा कमिटमेंट था। आज हमनें इसे पूरा कर दिया है। इसमें कई बाधाएं थीं,, लेकिन जब नीयत पवित्र हो तो परेशानियों को पार करके भी परिणाम लाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मसले पर समर्थन देने के लिए सभी विपक्षी पार्टियों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा- यह अपने आप में रिकॉर्ड है कि इस कानून को संसद के दोनों सदनों में व्यापक समर्थन मिला। पक्ष-विपक्ष ने भी राजनीति से उठकर इसका समर्थन किया। मैं सबको धन्यवाद देता हूं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



