नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और पड़ोसी राज्यों पंजाब व हरियाणा को छोड़ कर देश के ज्यादातर हिस्सों में खूब बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश में इतनी बारिश हो रही है कि गंगा और यमुना दोनों का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। वाराणसी में मणिकार्णिका घाट पूरी तरह से डूब गया है और 24 घंटे जलने वाले इस श्मशान में छत पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है। मध्य प्रदेश के मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में बारिश का रेड अलर्ट रहा। शुक्रवारी की भारी बारिश में जबलपुर में गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पानी में डूब गया।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में महाश्मशान मणिकर्णिका घाट के ज्यादातर शवदाह वाले प्लेटफार्म गंगा नदी में डूब गए हैं। शवों का अंतिम संस्कार घाट की छत पर करना पड़ रहा है। आसपास के छोटे मंदिर भी पानी में डूब चुके हैं। राजस्थान में मानसून पहुंचने के बाद से अब तक 167.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 137 फीसदी ज्यादा है। मानसून के लगातार एक्टिव रहने से अब एक भी जिला सूखा नहीं है।
उधर हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से तबाही मची है। उफनती नदियों से 14 पुल बह गए हैं। प्रदेश की पांच सौ सड़कें पूरी तरह से बंद हैं। कांगड़ा, मंडी, चंबा और शिमला जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन से करीब 70 लोगों की जान चली गई। सबसे बुरी स्थिति मंडी जिले में है, जहां 17 लोग मारे गए और 40 अब भी लापता हैं। उत्तर प्रदेश में गंगा नदी का जल स्तर पिछले चार दिन में 15 फीट तक बढ़ा है। झारखंड में पिछले एक महीने से लगातार बारिश हो रही है।