राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

ट्रंप का डील का दावा!

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ बहुत जल्दी डील होने जा रही है। हांलांकि समाचार लिखते वक्त तक ईरान ने बात नहीं करने का रवैया अपनाया हुआ है। ट्रंप ने कहा है कि वे ईरान के साथ लागू सीजफायर को आगे नहीं बढ़ाएंगे। इसका अर्थ है कि बुधवार को सीजफायर की अवधि समाप्त हो जाएगी। ट्रंप ने ‘सीएनबीसी न्यूज’ से बात करते हुए यह भी दावा किया कि उन्होंने ईरान में सत्ता बदल दी है। हालांकि वास्तविकता यह है कि ट्रंप प्रशासन ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के प्रशासन के अधिकारियों से ही बातचीत कर रही है।

बहरहाल, इस इंटरन्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बहुत जल्दी एक बड़ी डील हो सकती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में ईरान के पास समझौता करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। साथ ही ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर डील नहीं हुई, तो अमेरिकी सेना हमले के लिए पूरी तरह तैयार है और आदेश मिलते ही कार्रवाई कर सकती है। गौरतलब है कि अमेरिका ने ईरान के आसपास बड़ी संख्या में सैनिकों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया है, जो जमीनी हमला कर सकते हैं।

ट्रंप ने युद्धविराम को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वे सीजफायर को आगे नहीं बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा, ‘हमारे पास ज्यादा समय नहीं है’। ट्रंप ने बताया कि सीजफायर के दौरान अमेरिका ने अपनी सैन्य ताकत बढ़ाई है। उन्होंने कहा, ‘हमारे पास बहुत ज्यादा गोला बारूद है, हमने इस समय का इस्तेमाल तैयारी में किया’।

इस बीच अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस मंगलवार को पाकिस्तान के लिए रवाना होने वाले हैं। वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी पाकिस्तान पहुंचेंगे। उप राष्ट्रपति वेंस भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार की शाम को अमेरिका से रवाना होंगे। वे बुधवार को पाकिस्तान पहुंचेंगे। ईरान के साथ वार्ता में वेंस दूसरी अमेरिकी टीम की अगुवाई करेंगे। उनके साथ वही टीम शामिल होगी, जो पहले दौर की वार्ता में मौजूद थी। बातचीत से पहले अमेरिका के कई सैन्य विमान पाकिस्तान पहुंचे।

इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि ईरान ने बार बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है। उनके आरोपों के बाद ईरान ने भी पलटवार किया है। ईरान की सेना ने कहा है कि अमेरिका ने खुद युद्धविराम तोड़ा है। उसने कहा है कि रविवार को ओमान की खाड़ी में एक अमेरिकी युद्धपोत ने ईरानी झंडे वाले मालवाहक जहाज पर फायरिंग की। अमेरिका ने दावा किया कि यह जहाज उसकी समुद्री नाकाबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था। इसके जवाब में ईरान की सेना ने इस कार्रवाई को डकैती बताया और कहा कि यह सीजफायर का उल्लंघन है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × 3 =