राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बंगाल में नतीजों के बाद से हिंसा जारी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की कवायद शुरू हो गई है। नौ मई को राज्य में नई सरकार शपथ लेगी। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। जानकार सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इस बीच चार मई को आए नतीजों के बाद से राज्य के अलग अलग हिस्सों में लगतार हिंसा हो रही है। तोड़फोड़ की घटनाओं के साथ साथ मारपीट और हत्या की कई वारदातें हुई हैं। बुधवार को खबर आई कि पिछले 24 घंटे में कम से कम चार लोगों की हत्या हुई है।

बताया जा रहा है कि मारे गए चार लोगों में दो भाजपा कार्यकर्ता हैं, जबकि दो लोग तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हैं। खबर है कि कोलकाता के न्यू मार्केट में मंगलवार रात भीड़ ने तृणमूल कांग्रेस के पार्टी ऑफिस को बुलडोजर से गिरा दिया। उपद्रवियों ने आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया। उधर उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला हुआ। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

बहरहाल, कोलकाता के न्यू मार्केट में मंगलवार टीएमसी के ऑफिस को बुलडोजर से गिराने की घटना का वीडियो शेयर करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘भाजपा का परिवर्तन बुलडोजर लेकर आया है’। इस बीच भाजपा ने उत्तर 24 परगना और हावड़ा में अपने दो कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप तृणमूल पर लगाया। दूसरी ओर टीएमसी ने कहा कि भाजपा समर्थकों ने कोलकाता और बीरभूम में उसके दो कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी।

नतीजों के बाद हो रही हिंसा की घटनाओं पर पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा, ‘हमने दो सौ से ज्यादा एफआईआर दर्ज की हैं। 433 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 11 सौ से ज्यादा लोगों को रोकथाम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है’। उन्होंने बुधवार को कहा, ‘आज सुबह से कोई भी हिंसक घटना नहीं हुई है’। इस बीच ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देने के सवाल पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘ममता बनर्जी के इस्तीफे पर फैसला गवर्नर करेंगे, उन्होंने बंगाल में राजनीतिक अहमियत खो दी है’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × one =