राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

टीबी के खिलाफ जंग में दक्षिण-पूर्व एशिया को बड़ी सफलता

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की एक नयी रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र ने तपेदिक (टीबी) के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करते हुए इस क्षेत्र ने टीबी के रोगियों तक अपनी पहुंच और इलाज के मामले में वैश्विक औसत को पीछे छोड़ दिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में टीबी से पीड़ित 87 प्रतिशत लोगों तक जांच और उपचार सेवाएं पहुंचाई गईं, जबकि वैश्विक औसत 79 प्रतिशत ही था। इसके अलावा, मरीजों के ठीक होने की सफलता दर भी वैश्विक औसत से काफी बेहतर रही है। दवा-संवेदनशील टीबी के लिए यह 93 प्रतिशत और रिफैम्पिसिन-प्रतिरोधी टीबी के लिए 74 प्रतिशत दर्ज की गई। वर्ष 2015 के बाद से इस क्षेत्र में टीबी के नए मामलों में 18 प्रतिशत और इससे होने वाली मौतों में 31 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट आई है।

हालांकि, बीमारी के इस उच्च दबाव के बीच चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं। ताजा अनुमानों के अनुसार, वर्ष 2025 में इस क्षेत्र में 36 लाख नए टीबी मामले सामने आए, जो वैश्विक कुल मामलों का 34 प्रतिशत है, जबकि 4,00,000 लोगों की मौत हुई। यह वैश्विक कुल का 35 प्रतिशत है। इसके अलावा, रिफैम्पिसिन और मल्टीड्रग-प्रतिरोधी टीबी के करीब 1,40,000 मामले सामने आए। यह वैश्विक दबाव का 38 प्रतिशत है।

Also Read : तालिबान ने की तेल रिफाइनरियों और खनन क्षेत्र में रूसी निवेश की मांग

गौरतलब है कि टीबी एक रोकथाम योग्य और इलाज योग्य बीमारी होने के बावजूद एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। इसकी वजह से परिवार और समुदाय खासे प्रभावित होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, टीबी के प्रसार में कुपोषण (प्रतिवर्ष लगभग 4.5 लाख नए मामले), मधुमेह (लगभग 4 लाख मामले), धूम्रपान, शराब का सेवन और एचआईवी सह-संक्रमण जैसे कारक अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही, टीबी से प्रभावित लगभग 44 प्रतिशत परिवारों को भारी खर्चों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए सामाजिक सुरक्षा और पोषण संबंधी सहायता बेहद जरूरी है।

इन चुनौतियों से पार पाने के लिए, सितंबर 2026 में आयोजित डब्ल्यूएचओ क्षेत्रीय समिति के 79वें सत्र में सदस्य देशों ने 2030 तक टीबी को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लिया गया था। इस रणनीति के तहत सक्रिय रूप से मामलों की खोज, रैपिड मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स का विस्तार, प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल में टीबी सेवाओं का एकीकरण और घरेलू निवेश को बढ़ावा देना शामिल है। वर्ष 2025 में क्षेत्र में टीबी देखभाल के लिए उपलब्ध 1.03 अरब अमेरिकी डॉलर में से 91 प्रतिशत हिस्सा घरेलू स्रोतों से आया था।

डब्ल्यूएचओ ने स्पष्ट किया है कि 2030 तक टीबी के सफाए के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राजनीतिक प्रतिबद्धताओं को ठोस और त्वरित कार्रवाई में बदलना होगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आधुनिक जांच और उपचार बिना किसी वित्तीय कठिनाई के हर जरूरतमंद तक पहुंचे।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें