राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवाएं बड़े पैमाने पर बाधित

कम्प्यूटर क्षेत्र की दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई एक बड़ी वैश्विक तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को दुनियाभर में ई-मेल, क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी सेवाएं खासी प्रभावित हुईं। कई मामलों में सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गईं, जिससे लाखों उपयोगकर्ताओं और व्यावसायिक संस्थानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बीबीसी के अनुसार तकनीकी खराबी की निगरानी करने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ ने बताया गुरुवार शाम करीब छह बजे (स्थानीय समय) पर 74 देशों के लगभग 1,40,000 लोगों ने माइक्रोसॉफ्ट की ई-मेल सेवा ‘आउटलुक’ में खराबी की शिकायत दर्ज कराई। माइक्रोसॉफ्ट की वेबसाइट के मुताबिक, दुनियाभर में 43 करोड़ से अधिक लोग ‘माइक्रोसॉफ्ट 365’ ऐप्स का उपयोग करते हैं।

इस तकनीकी व्यवधान के कारण माइक्रोसॉफ्ट 365 की प्रमुख सेवाओं जैसे आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और कंपनी के एआई सॉफ्टवेयर ‘कोपायलट’ में कनेक्टिविटी की समस्या उत्पन्न हो गई। बड़ी संख्या में उपयोगकर्ता न तो ईमेल भेज या प्राप्त कर पा रहे हैं और न ही कैलेंडर ऐप या कुछ महत्वपूर्ण फाइलों को देख पा रहे हैं। कुछ उपयोगकर्ताओं के लिए टीम्स की मैसेजिंग और ऑनलाइन मीटिंग सुविधा सामान्य रूप से काम करती रही।

Also Read : टीबी के खिलाफ जंग में दक्षिण-पूर्व एशिया को बड़ी सफलता

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं पर निर्भर अन्य प्रमुख कंपनियों और सरकारी एजेंसियों पर भी इसका व्यापक असर देखा गया। एआई क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों ‘ओपनएआई’ और ‘एंथ्रोपिक’ ने भी इस आउटेज के कारण अपनी सेवाओं में बाधा आने की पुष्टि की।

चैटजीपीटी निर्माता ओपनएआई ने कहा कि वह माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं से अपने कनेक्शन को प्रभावित करने वाली समस्या की जांच कर रही है। इसके अलावा, सिंगापुर सरकार और ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी सहित कई सरकारी निकायों ने भी कामकाज प्रभावित होने की जानकारी दी। ब्रिटेन में कई सामान्य चिकित्सक क्लीनिकों ने मरीजों को ईमेल या वेब फॉर्म के बजाय आपातकालीन पूछताछ के लिए फोन का उपयोग करने की सलाह दी है।

इस बीच, ब्रिटेन के तीन प्रमुख हवाई अड्डों हीथ्रो, मैनचेस्टर और स्टैनस्टेड के प्रवक्ताओं ने स्पष्ट किया है कि उनके विमान संचालन पर इस खराबी या आउटेज का कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा है और उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। हालांकि, मैनचेस्टर हवाई अड्डे की कॉर्पोरेट प्रणाली और कुछ मामूली तकनीकी प्रक्रियाएं प्रभावित हुईं, जिसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लिया गया।

माइक्रोसॉफ्ट ने इस घटना के पीछे किसी भी तरह के साइबर हमले की आशंका को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी के अनुसार, बुनियादी ढांचे पर “अत्यधिक भार” पड़ने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। कंपनी ने बताया कि बड़ी संख्या में सर्वर अचानक अनुपलब्ध हो गए थे, जिससे शेष सर्वरों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया।

प्रारंभ में मरम्मत के प्रयासों में अपेक्षित सफलता न मिलने के बाद, शुक्रवार सुबह माइक्रोसॉफ्ट ने अपने ताजा जानकारी में कहा कि उसे सेवाओं की स्थिरता और क्षमता बढ़ाने की दिशा में ‘सकारात्मक परिणाम’ मिल रहे हैं। कंपनी ने कहा कि वह प्रभावित क्षेत्रों में इन सुधारात्मक उपायों को व्यापक स्तर पर लागू कर रही है और स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है। 

Pic Credit : UNI

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें