राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

मिस्र में भीषण सड़क हादसा, आग लगने से 31 की मौत

मिस्र की राजधानी काहिरा के रिंग रोड पर गीजा प्रांत के वर्राक इलाके में बुधवार शाम ईंधन टैंकर में लगी भीषण आग से 31 लोगों की मौत हो गयी और 21 अन्य घायल हो गए। इस घटना से पूरे देश में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

यह हादसा एक ईंधन टैंकर के पलटने के बाद हुआ। माना जा रहा है कि इसके कारण भीषण आग लग गयी, जिसने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों और घने काले धुएं के बीच कई लोग फंस गए।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए। इनमें तबाही के व्यापक दृश्य के साथ-साथ आम मिस्रवासियों के साहस और दूसरों की जान बचाने के लिए किए गए असाधारण प्रयास भी दिखाई दिए।

लोगों की जान बचाने की मानवीय भावना से प्रेरित होकर कई युवक आग की लपटों में घिरे टैंकर की ओर दौड़े और आपातकालीन बचाव दल के पहुंचने का इंतजार किए बिना फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की। अन्य राहगीरों ने भी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और वाहनों को आग से दूर जाने का रास्ता दिखाने में मदद की।

कुछ वीडियो में कई युवक विस्फोट से कुछ ही सेकंड पहले ईंधन टैंकर के पास जाते दिखाई दिए। ये दृश्य गंभीर खतरे के बीच उनके साहस को दर्शाते हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने हादसे में 31 लोगों की मौत और 21 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

Also Read : दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बना एनएसई

स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने टेलीविजन पर दिए बयान में बताया कि घायलों में चार की हालत गंभीर है और उनके शरीर का 70 से 80 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। वहीं, 10 लोगों के शरीर का 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा जला है, जबकि दो लोग दम घुटने से प्रभावित हुए हैं।

लोक अभियोजन पक्ष के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, आग में कारों और मोटरसाइकिलों सहित 27 वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। लोक अभियोजन ने कहा कि वह मृतकों और घायलों के अंतिम आंकड़े जुटा रहा है तथा घटना के पूरे नुकसान का आकलन कर रहा है, ताकि हादसे के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके।

लोक अभियोजन ने उन मृतकों के अवशेषों से डीएनए नमूने लेने का आदेश भी दिया है, जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। इसका उद्देश्य उनकी पहचान सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बचाव अभियान और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 39 एंबुलेंस तैनात की थीं।

राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना और शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत लोगों के परिवारों को धैर्य और सांत्वना देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों और मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, अस्पतालों में भर्ती लोगों को व्यापक चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना के बाद मलबा और अवशेष जल्द हटाकर यातायात सामान्य करने का निर्देश दिया। लोक अभियोजन पक्ष हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच जारी रखे हुए है।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment