राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

रुस ने यूक्रेन के सुरक्षा सेवा मुख्यालय पर किया ड्रोन हमला , नौ घायल

यूक्रेन के मध्य कीव में सुरक्षा सेवा (एसबीयू) मुख्यालय पर रूस के ड्रोन हमले में कम से कम नौ लोग घायल हो गये और आस-पास की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गयी। यूक्रेन के अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह हमला यूक्रेन पर रूस के लगातार नौवें दिन हुए हमलों के दौरान हुआ, क्योंकि राजधानी को बार-बार जेट-पावर्ड शाहिद-टाइप ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ रहा है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस के एक ड्रोन ने राजधानी कीव में देश की एसबीयू की मुख्य इमारत पर हमला किया।

श्री जेलेंस्की ने एक्स पर एक बयान में कहा कि उन्होंने घटना के दौरान एसबीयू प्रमुख ओलेक्जेंडर पोकलाड से बात की और सभी आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर मौजूद थीं और प्रभावित सभी लोगों को ज़रूरी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, “ड्रोन का निशाना सीधे उस इमारत में सुरक्षा सेवा प्रमुख का कार्यालय था। मैंने पोकलाड को निर्देश दिया कि जब सब कुछ तैयार हो जाये तो रूसियों को उचित और ठोस जवाब दिया जाये और जहां संभव हो ऐसा जवाब दिया जाये जो इस हमले जैसा ही हो। हमारी सेना इस जवाबी कार्रवाई में मदद करेगी।”

इससे पहले कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर कहा कि राजधानी के शेवचेंकिव्स्की जिले में एक गैर-आवासीय इमारत की छत पर ड्रोन गिरने के बाद आग लग गयी। क्लिट्स्को ने बाद में कहा कि कीव के शेवचेंकिव्स्की जिले में पांच लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें से चार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हमला सुरक्षा एजेंसी के मध्य कीव मुख्यालय पर रूस का पहला ज्ञात हमला है।

Also Read : सीरिया ने होर्मुज जलडमरूमध्य के विकल्प का प्रस्ताव रखा, ट्रंप ने सराहा

कीव में स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग तीन बजे हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया, जिसके लगभग 30 मिनट बाद शहर के केंद्र में विस्फोट हुए। मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि शेवचेंकिव्स्की जिले में एक गैर-आवासीय इमारत क्षतिग्रस्त हो गयी। उन्होंने कहा कि नौ लोग घायल हुए, जिनमें से सात को शाम पांच बजे तक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हमले से लगी आग बुझा दी गयी, जबकि इमारत की बाहरी दीवार क्षतिग्रस्त हो गयी।

राजधानी के बीचों-बीच हुए इस हमले में पास का ज़ावरटायलो रेस्तरां भी क्षतिग्रस्त हो गया। रेस्तरां के सह-मालिक स्टानिस्लाव ज़ावरटायलो ने बताया कि एक मेहमान घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ज़ावरटायलो ने टेलीग्राम पर लिखा, “सभी सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आयी है, लेकिन वे अभी भी सदमे में हैं, इसलिए सभी की दोबारा जांच की ज़रूरत होगी। इस हमले ने उस इलाके के निवासियों और कारोबारियों को भी हिलाकर रख दिया है जिसे आम तौर पर काफी सुरक्षित माना जाता है।

विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने इस हमले को तनाव बढ़ाने वाली एक बड़ी घटना बताया और रुस पर कूटनीति को ठुकराने का आरोप लगाया। श्री सिबिहा ने एक्स पर कहा, “यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय पर रूसी हमला तनाव बढ़ाने वाली एक बड़ी घटना है, जिसका कड़ा जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा “रुस ने यह हमला तब किया जब शांति के लिए नयी कोशिशें हो रही थीं – इससे साफ हो गया कि वह कूटनीति को बिल्कुल नहीं मानता।”

श्री जेलेंस्की ने तेज होते हमलों के कारण यूक्रेन के हवाई अलर्ट प्रणाली में बदलाव की घोषणा की है। प्रस्तावित प्रणाली के तहत अलर्ट को पीले और लाल स्तरों में बांटा जायेगा। पीला स्तर ड्रोन के खतरे का संकेत देगा और लाल स्तर आने वाली मिसाइलों और बड़े पैमाने पर संयुक्त हमलों का संकेत देगा।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

और पढ़ें