नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने अश्लील कंटेंट को रोकना शुरू कर दिया है और इस तरह के कंटेंट बनाने वाले अकाउंट्स को ब्लॉक करना भी शुरू कर दिया है। कंपनी ने कंटेंट के मॉडरेशन के मामले में अपनी गलती स्वीकार की है। इससे पहले कंपनी के सीईओ इलॉन मस्क ने गलती मानने से इनकार कर दिया था। उन्होंने एक पोस्ट में कहा था कि अगर कोई व्यक्ति किसी को चाकू मारता है तो अपराध चाकू का नहीं होता है, बल्कि चाकू वाले हाथ का होता है। लेकिन अब कंपनी ने गलती मानी है।
एक्स ने कहा है कि अश्लील कंटेंट तैयार करने पर पूरी तरह से रोक लगाएगी और भारत के कानूनों का पालन करेगी। कंपनी ने बताया कि उन्होंने साढ़े तीन हजार से ज्यादा कंटेंट ब्लॉक कर दिए हैं। साथ ही छह सौ से ज्यादा अकाउंट्स भी डिलीट कर दिए गए हैं। असल में उद्धव ठाकरे की शिव सेना की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने दो जनवरी को एक्स के एआई चैटबोट ग्रोक के गलत इस्तेमाल को लेकर सूचना व प्रसारण मंत्री को चिट्ठी लिखी थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने उसी दिन एक्स से कहा था कि वह एआई ऐप ग्रोक से बनाए जा रहे अश्लील, फूहड़ कंटेंट को तुरंत हटाए, नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार के निर्देश के बाद कार्रवाई की जानकारी देते हुए एक्स ने कहा कि भारत उसके लिए बड़ा बाजार है। कंपनी ने कहा कि वह यहां के नियमों का सम्मान करेगी। यह कदम कंटेंट मॉडरेशन को मजबूत बनाएगा। कंपनी के ऊपर आरोप है कि उसका एआई ऐप अश्लील कंटेंट जेनरेट कर रहा है और कंपनी इस तरह के कंटेंट जेनरेट करने वाले अकाउंट को मोनेटाइज करके पैसे कमा रही है और लोगों को भी प्रोत्साहित कर रही है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


