राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

परिवार की कथाओं में रूचि

भले यह दावा किया जाता है कि भारत में लोकतंत्र बहुत पुराना है या गणतंत्र का तो जन्म ही भारत में हुआ। लेकिन भारत के लोगों को राजा बहुत पसंद हैं। तभी आधुनिक लोकतंत्र के दौर में भी भारत के लोग पारिवारिक सत्ता के पोषक रहे हैं। वे एक के बाद एक पीढ़ियों को वोट देकर सत्ता सौंपते रहे हैं। जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी तक इसी वजह से प्रधानमंत्री बने। आने वाले समय में कभी राहुल गांधी या प्रियंका गांधी वाड्रा भी प्रधानमंत्री बनें तो हैरानी नहीं होगी।

एक परिघटना के तौर पर इसे कई दूसरे राजनीतिक परिवारों में भी देखा जा सकता है। शेख अब्दुल्ला की तीसरी पीढ़ी जम्मू कश्मीर में राज कर रही है। लोग वोट देकर उनकी पार्टी को जिताते हैं। मुफ्ती परिवार की दो पीढ़ियां भी मुख्यमंत्री रह चुकीं। उत्तर प्रदेश जैसे देश के सबसे बड़े राज्य में मुलायम सिंह यादव और उनके बेटे अखिलेश यादव दोनों मुख्यमंत्री रहे। अखिलेश फिर से मुख्यमंत्री बन सकते हैं। पंजाब में बादल परिवार, तमिलनाडु में स्टालिन परिवार, आंध्र प्रदेश में एनटी रामाराव और वाईएसआर रेड्डी का परिवार, तेलंगाना में केसीआर का परिवार, कर्नाटक में देवगौड़ा व येदियुरप्पा परिवार की कई पीढ़ियां राजनीति में सक्रिय हैं। देवगौड़ा और उनके बेटे एचडी कुमारस्वामी दोनों मुख्यमंत्री रहे। करुणानिधि और एमके स्टालिन मुख्यमंत्री रहे। वाईएसआर रेड्डी और जगन मोहन सीएम रहे। झारखंड में शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन दोनों मुख्यमंत्री बने।

हालांकि इन तमाम परिवारों से ऊपर नेहरू-गांधी परिवार आता है। राजनीति में परिवार की परंपरा की शुरुआत उनसे होती है। आजादी के पहले मोतीलाल नेहरू के बाद जवाहरलाल नेहरू कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। इसलिए चाहे नेहरू-गांधी परिवार हो या अब्दुल्ला परिवार हो या लालू प्रसाद का परिवार या सोरेन परिवार हो या स्टालिन, नाडडू, राव, देवगौड़ा किसी का परिवार है, इनके बारे में जानने की रूचि लोगों को रहती है। लोग उन्हें हराते हैं तो फिर जिताते भी हैं। इन परिवारों का बहुत सारा रहस्य होता है और कुछ रहस्यमयी बातें इनके विरोधी भी फैलाते हैं। यह कारण भी है कि जब ऐसे राज परिवार की एक सदस्य सोनिया गांधी ने किताब लिखी तो लोगों इसमें अतिशय दिलचस्पी दिखाई है। वे जानना चाहते हैं कि सोनिया गांधी उन बातों पर क्या सफाई देती हैं, जो उनके परिवार के बारे में फैलाई गई हैं। हालांकि उन्होंने ऐसी बातों की अनदेखी ही की है। सोनिया की किताब पढ़ने वालों में एक तबका तो ऐसा भी है, जिसकी रूचि राजनीतिक बातों में नहीं है। उसे सास-बहू यानी इंदिरा और सोनिया के संबंध और जेठानी-देवरानी यानी सोनिया और मेनका के संबंधों की कहानी पढ़ने में ज्यादा दिलचस्पी है। यह भी राजनीतिक परिवारों की कहानियों का एक पहलू है।

By हरिशंकर व्यास

मौलिक चिंतक-बेबाक लेखक और पत्रकार। नया इंडिया समाचारपत्र के संस्थापक-संपादक। सन् 1976 से लगातार सक्रिय और बहुप्रयोगी संपादक। ‘जनसत्ता’ में संपादन-लेखन के वक्त 1983 में शुरू किया राजनैतिक खुलासे का ‘गपशप’ कॉलम ‘जनसत्ता’, ‘पंजाब केसरी’, ‘द पॉयनियर’ आदि से ‘नया इंडिया’ तक का सफर करते हुए अब चालीस वर्षों से अधिक का है। नई सदी के पहले दशक में ईटीवी चैनल पर ‘सेंट्रल हॉल’ प्रोग्राम की प्रस्तुति। सप्ताह में पांच दिन नियमित प्रसारित। प्रोग्राम कोई नौ वर्ष चला! आजाद भारत के 14 में से 11 प्रधानमंत्रियों की सरकारों की बारीकी-बेबाकी से पडताल व विश्लेषण में वह सिद्धहस्तता जो देश की अन्य भाषाओं के पत्रकारों सुधी अंग्रेजीदा संपादकों-विचारकों में भी लोकप्रिय और पठनीय। जैसे कि लेखक-संपादक अरूण शौरी की अंग्रेजी में हरिशंकर व्यास के लेखन पर जाहिर यह भावाव्यक्ति -

Leave a comment