राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

क्या कमियां निकाली जा रही हैं?

सोनिया गांधी की किताब को लेकर वस्तुनिष्ठ आकलन नहीं हो रहा है। एक तरफ जय जयकार करने वाले लोग हैं तो दूसरी ओर कमी निकालने वाले हैं। हालांकि वास्तविकता यह है कि सोनिया गांधी की इस किताब में बहुत कम नई बातें हैं। ज्यादातर बातें ऐसी हैं, जो पिछले 30 साल से दिल्ली की राजनीति पर नजर रखने वालों को पता हैं। अखबार और पत्रिकाएं पढ़ने वाले लोगों को इस किताब का 80 फीसदी से ज्यादा हिस्सा पता है। फिर भी कुछ लोग ऐसे बता रहे हैं, जैसे क्या कमाल की किताब है। ऐसे ही भाजपा के नेता और राइटविंग इकोसिस्टम के लोग ढूंढ कर कमी निकालने में लगे हैं।

जैसे केंद्र सरकार के एक सूचना सलाहकार ने सोनिया गांधी की किताब में से कुछ पंक्तियां अंडरलाइन करके कहा कि यह साबित हो गया कि नेहरू परिवार का मुगलों के साथ संबंध था। हालांकि उन्होंने इतना संयम बरता की यह नहीं कह दिया कि नेहरू परिवार मुगल खानदान का ही विस्तार है। ऐसा दुष्प्रचार राइटविंग इकोसिस्टम दशकों से करता आ रहा है। लेकिन सोचें, जो बात सोनिया गांधी ने खुद लिखी है उसे अंडरलाइन करके एक निष्कर्ष निकालने से क्या साबित होगा? सोनिया ने लिखा है कि गंगाधर नेहरू 1857 की क्रांति के समय दिल्ली में शहर कोतवाल थे। उन्होंने खुद किताब में बताया है कि कोतवाल गंघाधर की तस्वीर घर में महत्वपूर्ण स्थान पर लगाई गई है। उन्होंने बताया है कि परिवार अपनी विरासत पर और अपने पूर्वजों पर गर्व करता है।

यह बात जितनी सही है कि गंगाधर 1857 में मुगलों के समय दिल्ली के कोतवाल थे वैसे ही यह बात भी सही है कि उनके पिता ईस्ट इंडिया कंपनी के पहले वकील बने थे। अगर किसी परिवार के पूर्वज अंग्रेजों की या मुगल शासकों की नौकरी करते थे तो इस आधार पर भला निष्कर्ष निकालाने की क्या तुक है? हकीकत तो यह है कि जब समय आया तो नेहरू गांधी परिवार के अनेक सदस्यों ने अंग्रेजों से लड़ाई की और देश को आजादी दिलाने में अपना योगदान किया। लेकिन अगर सरकार का कोई सूचना सलाहकार चार पंक्तियों को अंडरलाइन करके यह निष्कर्ष निकाले कि नेहरू परिवार का मुगलों से संबंध था तो क्या ही कहा जा सकता है।

ऐसे ही एक राइटविंग इकोसिस्टम के पत्रकार ने एक दूसरे अध्याय की पंक्तियां अंडरलाइन करके बताया कि सोनिया गांधी के पिता फासिस्ट मुसोलिनी की सेना में थे। यह भी कोई नई बात नहीं है। पहले से यह बात सार्वजनिक स्पेस में है और अगर सोनिया गांधी इस पर शर्मिंदा होतीं तो अपनी किताब में इसका जिक्र नहीं करतीं। उन्होंने खुद लिखा है। इसका अर्थ है कि वे इस बात को छिपाना नहीं चाहती हैं। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक करियर में दिखाया कि उनके पिता भले मुसोलिनी की सेना में रहे लेकिन वे खुद फासिस्ट प्रवृत्तियों की विरोधी हैं। उनका आकलन उनके अपने काम के आधार पर होगा न कि इस आधार पर कि उनके पिता क्या करते थे। दूसरी हैरानी की बात यह भी है कि आरएसएस और भाजपा के लोग इस आधार पर सोनिया को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं, जबकि यह ऐतिहासिक सत्य है कि संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के गुरू  बीएस मुंजे ने इटली जाकर मुसोलिनी की पार्टी और उसके कामकाज का अध्ययन किया था और उनकी सलाह पर हेडगेवार ने कई चीजों को अपने संगठन में अपनाया भी था। फिर भी संघ से जुड़े लोग इस आधार पर सोनिया को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं कि उनके पिता मुसोलिनी की सेना में थे।

सोनिया की किताब की एक आलोचना यह भी है कि इसमें हर विवादित मुद्दे पर अपने परिवार के सदस्यों का उन्होंने बचाव किया है। यह भी कोई नई बात नहीं है। आमतौर पर आत्मकथाएं इसी काम के लिए लिखी जाती हैं। सो, अगर इमरजेंसी से लेकर ऑपरेशन ब्लू स्टार, सिख विरोधी दंगे, शाहबानो केस, बोफोर्स कांड और 2004 में यूपीए की सरकार के गठन और प्रधानमंत्री बनने की कहानी उन्होंने अपने हिसाब से लिखी है तो इससे उनको नहीं रोका जा सकता है। इन घटनाओं के साक्षी लोगों ने अपना अकाउंट पहले लिखा हुआ है। समकालीन राजनीति की इन घटनाओं पर सोनिया गांधी का लिखा हुआ अंतिम नहीं माना जाएगा। इसे उनका नजरिया भर माना जाएगा। लेकिन इससे लोगों को कई चीजों के बारे में धारणा बनाने में मदद मिलेगी। सोनिया ने नरेंद्र मोदी के बारे में लिखा है और अटल बिहारी वाजपेयी के बारे में भी लिखा है। उन्होंने वाजपेयी के लिए लिखा है कि वे एक सहृदय व्यक्ति थे, जिनके साथ आप संवाद कर सकते थे।

By हरिशंकर व्यास

मौलिक चिंतक-बेबाक लेखक और पत्रकार। नया इंडिया समाचारपत्र के संस्थापक-संपादक। सन् 1976 से लगातार सक्रिय और बहुप्रयोगी संपादक। ‘जनसत्ता’ में संपादन-लेखन के वक्त 1983 में शुरू किया राजनैतिक खुलासे का ‘गपशप’ कॉलम ‘जनसत्ता’, ‘पंजाब केसरी’, ‘द पॉयनियर’ आदि से ‘नया इंडिया’ तक का सफर करते हुए अब चालीस वर्षों से अधिक का है। नई सदी के पहले दशक में ईटीवी चैनल पर ‘सेंट्रल हॉल’ प्रोग्राम की प्रस्तुति। सप्ताह में पांच दिन नियमित प्रसारित। प्रोग्राम कोई नौ वर्ष चला! आजाद भारत के 14 में से 11 प्रधानमंत्रियों की सरकारों की बारीकी-बेबाकी से पडताल व विश्लेषण में वह सिद्धहस्तता जो देश की अन्य भाषाओं के पत्रकारों सुधी अंग्रेजीदा संपादकों-विचारकों में भी लोकप्रिय और पठनीय। जैसे कि लेखक-संपादक अरूण शौरी की अंग्रेजी में हरिशंकर व्यास के लेखन पर जाहिर यह भावाव्यक्ति -

Leave a comment