राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

जनता दल यू का मतलब नीतीश कुमार है

बिहार में इन दिनों नाम बदलने की चर्चा जोरों पर है। एनडीए के घटक दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा यानी हम के नेता व राज्य सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि बख्तियारपुर का नाम बदल कर नीतीश पुर रख देने चाहिए। ध्यान रहे सुमन केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे हैं और सबको पता है कि मांझी को नीतीश कुमार ने नौ महीने के लिए मुख्यमंत्री बनवाया था। अब भी एनडीए में हम को नीतीश के करीब माना जाता है। सो, हम के नेता संतोष सुमन ने नीतीश के नाम से एक शहर का नाम रखने की मांग करके राज्य में एक नई बहस छेड़ दी है।

उधर जनता दल यू में यह बहस चल रही है कि क्या पार्टी का नाम बदल कर नीतीश के नाम पर किया जाए। पहले संजय झा ने यह बात कही। उसके बाद बहस चल निकली। कहा जा रहा है कि जनता दल यू का नाम बदल कर जनता दल नीतीश कर दिया जाए। गौरतलब है कि देश में बहुत सी पार्टियों के नाम नेताओं के नाम पर हैं। बिहार के पड़ोसी ओडिशा में बीजू जनता दल का नाम महान समाजवादी नेता बीजू पटनायक के नाम है। अब शरद पवार की एनसीपी और उद्धव ठाकरे की शिव सेना में भी दोनों का नाम है। एक समय कांग्रेस के नाम में इंदिरा गांधी का नाम था। सो, नेता का नाम पार्टी के नाम में शामिल करना कोई हैरानी की बात नहीं है। बिहार के नेता कह भी रहे हैं कि जनता दल यू का मतलब नीतीश कुमार है। माना जा रहा है कि पार्टी के ऊपर उनके बेटे निशांत कुमार का उत्तराधिकार संपूर्ण रूप से स्थापित करने के लिए यह प्रस्ताव चर्चा में लाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा अब इस चर्चा को आगे बढ़ा रहे हैं।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment