एक और पूर्व कांग्रेसी नेता राज्यसभा पहुंच सकते हैं। कांग्रेस छोड़ कर जाने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा ने राज्यसभा में भेजा था। अब खबर है कि 14 जनवरी को कांग्रेस छोड़ कर शिव सेना में शामिल हुए मिलिंद देवड़ा को पार्टी राज्यसभा में भेज रही है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में राज्यसभा की छह सीटें खाली हो रही हैं, जिनमें से पांच सीटें महायुति यानी भाजपा, शिव सेना और एनसीपी के अजित पवार गुट को मिलेंगी। एक सीट कांग्रेस को मिल जाएगी। अगर कांग्रेस ने यह सीट मिलिंद देवड़ा को देने की घोषणा कर दी होती तो वे पार्टी छोड़ कर नहीं जाते।
बहरहाल, जानकार सूत्रों कहना है कि सत्तारूढ़ गठबंधन को मिलने वाली पांच में से तीन सीट भाजपा के खाते में जाएगी, जबकि शिव सेना और एनसीपी के अजित पवार खेमे को एक-एक सीट मिलेगी। शिव सेना के नेता एकनाथ शिंदे की ओर से मिलिंद देवड़ा को उच्च सदन में भेजा जा सकता है। वैसे दक्षिण मुंबई की जिस सीट की वजह से मिलिंद का टकराव हुआ वह सीट भी शिंदे गुट को ही मिलने की संभावना है। कांग्रेस, शरद पवार और उद्धव ठाकरे के गठबंधन में वह सीट उद्धव गुट को मिलेगी क्योंकि दो बार से उसके नेता अरविंद सावंत इस सीट से जीत रहे हैं। तभी महायुति में भी शिंदे गुट की शिव सेना का दावा इस सीट पर बनता है। लेकिन मिलिंद शायद लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ें। इसकी बजाय उनको राज्यसभा में भेजा जा सकता है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



