राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

सोनिया की किताब का शोर

त्योहारों के बीच में आमतौर पर राजनीति शांत रहती है। कांग्रेस पार्टी ने तो एक नवंबर की रामलीला मैदान की रैली के बाद ही राजनीति स्थगित कर दी थी। भाजपा ने जरूर कुछ राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की। लेकिन वह भी अभी थमा हुआ है। ऐसे माहौल में सोनिया गांधी की किताब ने अच्छा खासा शोर मचाया है। चारों तरफ उनकी किताब की चर्चा है। ऐसे भारत में किताब के पाठक नहीं दिखते हैं। लेकिन सोनिया की किताब ने सबको पाठक बना दिया है। बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ नाम से उन्होंने अपनी किताब लिखी है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि सोनिया गांधी ने अपनी तरफ से किताब का जो नाम दिया है उस विषय की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। यह सोनिया और राजीव गांधी की प्रेम कहानी की तरह है और उसके बाद भी सोनिया के भारत आने और नेहरू गांधी परिवार में प्रेम के साथ स्वीकार किए जाने की कहानी है। सोनिया गांधी ने राजनीति में आने के बाद पार्टी और देश के लोगों की ओर से मिले प्यार पर भी लिखा है। लेकिन उसकी बजाय सबकी नजर राजनीति से जुड़े ऐसे मुद्दों पर है, जिसके बारे में ज्यादातर बातें सब जानते हैं।

आखिर सोनिया गांधी एक समकालीन राजनेता हैं, जिनका सक्रिय राजनीतिक जीवन करीब तीन दशक का है। इसमें करीब दो दशक तो टेलीविजन और उसके बाद सोशल मीडिया का रहा है। इस दौर में कोई भी बात किसी से छिपी नहीं रही है। सब जानते हैं कि सोनिया कैसे राजनीति में आईं। सीताराम केसरी के साथ क्या हुआ और फिर 2004 में उन्होंने कैसे प्रधानमंत्री का पद छोड़ा। ऐसी तमाम बातें लोग जानते हैं। फिर भी इसी पर फोकस है। बहरहाल, किताब का शोर ऐसा मचा कि सैकड़ों लोग खान मार्केट बाहरी संस में किताब खरीदने पहुंच गए। कांग्रेस के नेताओं ने वहां भीड़ में खड़े होकर किताब खरीदी और उसकी वीडियो बना कर सोशल मीडिया में पोस्ट की। पूर्व केंद्रीय मंत्रियों राजीव शुक्ला और अश्विनी कुमार ने किताब खरीद कर वीडियो बनाई और वहीं पर मीडिया को बाइट भी दी। क्या नेता, क्या प्रवक्ता और क्या पत्रकार सब किताब खरीद रहे हैं, अपनी पसंद के हिस्से को अंडरलाइन कर रहे हैं और सोशल मीडिया में शेयर कर रहे हैं।

सोशल मीडिया में किताब के साथ अपनी फोटो या अपनी प्रति की तस्वीर पोस्ट करने की ऐसी होड़ मची कि लोगों ने प्री बुक कॉपी अमेजन से आने का इंतजार भी नहीं किया। इसके बाद कई पत्रकारों ने सोशल मीडिया में बताया कि दुकान पर किताब 1,299 रुपए की है, अमेजन पर एक हजार में मिल रही है लेकिन ब्लिंकिट से ऑर्डर करने पर आधे घंटे में साढ़े आठ सौ रुपए में किताब आ रही है। इसके बाद ब्लिंकिट पर ऑर्डर करके किताब मंगाने की होड़ मची और उसके साथ दनादन तस्वीरें शेयर की जाने लगीं। फिर किताब पढ़ कर उसमें अपनी पसंद की चीजें अंडरलाइन करने और उसकी तस्वीर डालने का सिलसिला शुरू हुआ।

हर व्यक्ति अपनी पसंद की चीज निकाल कर पढ़ रहा है उसकी तस्वीरें डाल रहा है। किसी की दिलचस्पी 2004 के घटनाक्रम में है तो कोई डीएमके के साथ संबंधों के बारे में जानना चाह रहा है तो किसी को मेनका गांधी प्रकरण में रूचि है। कोई प्रूफ की गलतियां निकाल रहा है तो किसी को पंजाब चुनाव के हिसाब से राजनीतिक नैरेटिव सेट करने के लिए ऑपरेशन ब्लू स्टार और सिख विरोधी दंगों के बारे में जानना है। कुल मिला कर सोशल मीडिया में पिछले 48 घंटे से सिर्फ सोनिया गांधी की किताब छाई हुई है। फिल्मों की तरह किताब की पाइरेटेड कॉपी पहले दिन से बिकने लगी और पीडीएफ भी शेयर किया जाने लगा।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment